कुश्ती में हरियाणा की महिला पहलवानों ने जीते सात स्वर्ण
अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन हरियाणा के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला।
चितौड़गढ़, प्रेट्र। अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को हरियाणा की महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणा की पहलवानों ने कुल सात स्वर्ण अपने नाम किए जबकि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ की पहलवानों को एक-एक स्वर्ण मिला।
गोरबाडी इंडोर स्टेडियम में खेली गई इस चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले सभी 10 खिलाडि़यों को 12 नवंबर से रोमानिया में शुरू हो रही अंडर-23 विश्व चैंपियशिप का टिकट भी मिल गया। चैंपियनशिप के दूसरे दिन हरियाणा के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला।
इसके अलावा इस राज्य के पहलवानों ने एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम कर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रहने वाली उत्तर प्रदेश की टीम 158 अंकों के साथ हरियाणा से काफी पीछे है। उत्तर प्रदेश के हिस्से एक स्वर्ण पदक आया।
इसके अलावा इस राज्य ने पांच रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। वहीं पंजाब के हिस्से एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक आए। इस प्रदर्शन के बूते पंजाब तीसरे स्थान पर रहा।
हरियाणा की अंकुश ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में दिल्ली की अंकिता को 5-3 से मात देते हुए हरियाणा का खाता खोला। पिंकी ने उत्तराखंड की अर्चना को 55 किलोग्राम भारवर्ग में 10-4 से मात दी। अंजलि ने 59 किलोग्राम भारवर्ग में उत्तर प्रदेश की भारती बघेल को 6-3 से हराकर हरियाणा की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाला। 63 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा की पूजा ने अपनी हमनाम यूपी की पूजा तोमर को फाइनल में 6-3 से पटखनी दे स्वर्ण जीता।