विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पद रहे न रहे, जीवन में ऐसा...'; PM मोदी ने हरियाणा BJP विधायकों को दिए 5 गुरुमंत्र, तारीफ करने पर टोका  

Published: Sun, 04 Oct 2026 06:00 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के भाजपा विधायकों से मुलाकात कर उन्हें पद से परे एक स्थायी सामाजिक मिशन अपनाने का संदेश दिया।

PM मोदी ने हरियाणा BJP विधायकों को दिए 5 गुरुमंत्र। फोटो जागरण

PM मोदी ने हरियाणा BJP विधायकों को दिए 5 गुरुमंत्र। फोटो जागरण

HighLights

  1. पद से परे एक स्थायी सामाजिक मिशन अपनाएं।

  2. जनता से लगातार जुड़े रहें और उनकी सेवा करें।

  3. सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। राजनीति में पद स्थायी नहीं होते, लेकिन समाज के लिए किया गया काम जीवनभर चलता रहना चाहिए। हरियाणा के भाजपा विधायकों और मंत्रियों के साथ अपनी पहली सामूहिक मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनप्रतिनिधियों को यही बड़ा संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि वे मंत्री या विधायक रहें अथवा न रहें, लेकिन जीवन में एक ऐसा सामाजिक मिशन जरूर अपनाएं, जो हमेशा चलता रहे और कभी बंद न हो पाए। प्रधानमंत्री ने विधायकों से जनता के साथ लगातार जुड़ाव बनाए रखने, उनके बीच रहने और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री के सरकारी आवास पर हुई इस मुलाकात में हरियाणा के सभी 48 भाजपा विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, मुख्यमंत्री की कैबिनेट के सभी 13 मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी, सह प्रभारी भोला सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा भी इस मुलाकात में शामिल हुए। मुलाकात दोपहर बाद करीब तीन बजे शुरू हुई और सवा पांच बजे तक चली।

प्रधानमंत्री सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों से नियमित रूप से मिलते रहे हैं, लेकिन किसी राज्य के भाजपा विधायकों के साथ इस तरह की सामूहिक मुलाकात पहली बार हुई। बैठक में प्रधानमंत्री का अंदाज औपचारिक से अधिक आत्मीय रहा।

उन्होंने उन मीडिया रिपोर्टों पर भी हैरानी जताई, जिनमें कहा गया था कि हरियाणा की भाजपा सरकार और संगठन को प्रधानमंत्री ने तलब किया है। उन्होंने बताया कि जब प्रदेश अध्यक्ष उनसे मिलने आई थीं, तब उन्होंने स्वयं विधायकों से मुलाकात करने की इच्छा जताई थी। उसी समय विधायकों के साथ इस बैठक की परिकल्पना की गई थी।

‘लोगों के बीच रहिए, योजनाओं का लाभ पहुंचाइए’

प्रधानमंत्री ने विधायकों से कहा कि जनता के साथ उनका संपर्क लगातार बने रहना चाहिए। वे लोगों के बीच जाएं, उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझें तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लोग उनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने स्वच्छता को लेकर भी विशेष जोर दिया। विधायकों को इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहने और संगठन के साथ मिलकर चलने की सलाह दी गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि संगठन के प्रत्येक काम में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने बैठक में सभी मंत्रियों और विधायकों का परिचय प्राप्त किया। सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम को पहचानते हुए उन्होंने कहा कि वह उन्हें जानते हैं।

प्रशंसा करने लगे मंत्री तो प्रधानमंत्री ने रोक दिया

बैठक के दौरान जब राज्य सरकार के कुछ मंत्री प्रधानमंत्री की तारीफ करने लगे तो मोदी ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बड़ाई करने की जरूरत नहीं है। काम ऐसा किया जाना चाहिए, जिससे पूरी सरकार और संगठन की बड़ाई हो। बैठक में प्रधानमंत्री ने किसी मंत्री या विधायक को डांटने की बजाय सहज और आत्मीय संवाद का रास्ता अपनाया।

प्रधानमंत्री के संदेश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा राजनीतिक पद से परे सामाजिक भूमिका को लेकर था। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का कार्यकाल समाप्त हो सकता है और पद भी बदल सकता है, लेकिन उनकी सामाजिक भूमिका कभी खत्म नहीं हो सकती।

‘प्लेट हाथ में होगी तो मोदी बात करेंगे’

प्रधानमंत्री की आत्मीयता भोजन के दौरान भी दिखाई दी। उन्होंने सभी मंत्रियों और विधायकों को भोजन कराया। खाने के पंडाल में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जिस मंत्री या विधायक के हाथ में प्लेट नहीं होगी, वे उससे बात नहीं करेंगे। अगर कोई चाहता है कि प्रधानमंत्री भोजन के दौरान उससे बात करें तो प्लेट उसके हाथ में होनी चाहिए।

पीएम के आवास पर लगे सभी पेड़-पौधे प्राकृतिक

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सरकारी आवास पर लगे पेड़-पौधों, फल और सब्जियों के बारे में भी जानकारी दी। चरखी दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने जब पीएम को बताया कि उन्होंने जेल अधीक्षक रहते हुए जेलों में प्राकृतिक खेती आरंभ कराई तो पीएम बोले कि मेरे आवास पर उगाए जा रहे फल और सब्जियां सभी प्राकृतिक हैं। भोजन में ब्रेड, मालपुआ, खीर, फल के साथ चाय और काफी विधायकों तथा मंत्रियों को परोसी गई।

इलेक्ट्रिक बसों से पहुंचे, दिया स्वच्छता-पर्यावरण का संदेश

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले सभी विधायक हरियाणा निवास में एकत्र हुए। वहां लंच के बाद विधायक इलेक्ट्रिक बसों से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इन विधायकों का नेतृत्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया।

मोदी ने हरियाणा के विधायकों से मुलाकात को खास बताया

मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंटरनेट मीडिया पर बैठक को ‘बेहद आत्मीय और सुखद’ बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के भाजपा विधायकों के साथ कई विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। जनता की बेहतर से बेहतर सेवा के साथ जनकल्याण के लिए और प्रभावी तरीकों से काम करने पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री से मुलाकात समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा भवन लौटे। वहां उन्होंने भाजपा विधायक दल की बैठक की और आगे की योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

मोदी के संदेश के पांच सूत्र

  • पद से परे मिशन : मंत्री या विधायक रहें अथवा न रहें, जीवन में ऐसा सामाजिक मिशन अपनाएं जो निरंतर चलता रहे।
  • जनता से जुड़ाव : लोगों के बीच रहें और उनके साथ सीधा संवाद बनाए रखें।
  • योजनाओं का लाभ : केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
  • संगठन सर्वोपरि : संगठन के साथ मिलकर चलें और उसके हर काम में भागीदारी करें।
  • स्वच्छता व इंटरनेट मीडिया : स्वच्छता को प्राथमिकता दें और इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहें।