विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में कल मौसम रहेगा शुष्क, लेकिन किसानों की बढ़ी मुश्किलें; बेमौसमी बारिश के बाद धान कटाई का खर्च हुआ दोगुना

Published: Mon, 19 Oct 2026 07:38 PM (IST)

हरियाणा में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन बेमौसमी बारिश ने धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया ...और पढ़ें

कल हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम रहेगा शुष्क।

कल हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम रहेगा शुष्क।

HighLights

  1. हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव

  2. बेमौसमी बारिश से धान की पककर तैयार फसल को भारी नुकसान

  3. किसानों को दोगुनी लागत पर चैन वाली कंबाइन से कटाई करनी पड़ रही

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के बाद 18 अक्टूबर से वर्षा की गतिविधियों में कमी आई है। आगामी दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट आने के आसार हैं।

हालांकि, अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में किसी मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना है।

कल यानी मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को हरियाणा में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। प्रदेश में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

वहीं, दूसरी तरफ पिछले सप्ताह चार दिनों में दो बार हुई बेमौसमी वर्षा ने धान पर संकट खड़ा कर दिया है। इससे खेतों में पानी खड़ा होने पर किसानों को पककर तैयार खड़ी धान की फसल की कटाई करने की चिंता सता रही है। खेत में पानी खड़ा होने तेज हवा के चलते इसके खेत में ढहने पर अब कंबाइन से भी इसकी कटाई आसान नहीं रही।

कटाई में देरी से इसके खेत में ही नष्ट होने से नुकसान और बढ़ सकता है। ऐसे में किसान को अब चैन वाली कंबाइन हार्वेस्टर से अपना धान कटवाना पड़ रहा है। इससे किसान पर दोगुना भार पड़ रहा है।

पहले जहां खेत में खड़ी धान की फसल को कंबाइन 2200 से प्रति एकड़ तक में कटाई कर देती थी, अब चैन वाली कंबाइन से इसकी कटाई 4500 रुपये प्रति एकड़ में पड़ रही है। वहीं खेत में फसल बिछने पर नुकसान अलग से है।