हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश, खुशगवार हुआ मौसम
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सो में बारिश हुई। बारिश से कहीं लोगों को राहत मिली तो कही-कहीं आफत सी भी स्थिति बनी।
चंडीगढ़, [वेब डेस्क]। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे पर भी रौनक ला दी। इसके साथ ही भिवानी और फतेहबाद सहित कई शहरोें में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का पानी घरों, दुकानों और कार्यालयोें में घुस गया है। मुख्य सड़कों पर भी पानी भर जाने से यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बारिश से कई जगह पानी भर गया औऱ निकासी का भी कोई इंतजाम नजर नहीं आया। इससे लोगों को जहां दिक्कत आई वहीं प्रशासन के दावे भी कई जगह फेल नजर आए। इस कारण लोगों में रोष है। मुख्य बाजारों में भी पानी भरा हुआ है। भिवानी में सबसे बुरा हाल है। यहां घरों व कार्यालयों में भी पानी घुस गया है। बाजारों में भी बुरा हाल है। इससे लोगों की बाजारों में आवजाही पर असर पड़ा है।
पानी में डूबी भिवानी के दिनोद गेट स्थित पुलिस चौकी ।
इस हालत से भिवानी में पानी निकासी के इंतजामों की हकीकत सामने आ गई है। भिवानी के दिनोद गेट स्थित पुलिस चौकी भी पानी में डूबी नजर आई। जिले के अन्य हिस्सों में भी जमकर बारिश हुई। दादरी शहर में भी बदरा झूमकर बरसे। इस वजह से पूरे शहर में जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। बाजारों व सड़कों पर पानी भरने के साथ ही घरों में भी पानी घुस गया है।
फोटो गैलरी : बारिश से जलमग्न हुए हरियाणा के कई शहर, देखें तस्वीरें
भिवानी के अलावा कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और चरखी दादरी समेत कई अन्य हिस्सों में भी बाारिश हुई। हिसार में बारिश्ा से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन जलभराव ने परेशानी खड़ी कर दी। फतेहाबाद में भी सड़कें और बाजार जलमग्न हो गए। सिरसा में भी बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे पर रौनक आ गई है।