कैप्टन अभिमन्यु ने विपक्ष को दिया करारा जवाब, कहा- हमने कर्ज घटाया
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बजट पर चर्चा में विपक्ष को करारा जवाब दिया। उन्होंने कह कि मौजूदा भाजपा सरकार के राज में राज्य का कर्ज घटा है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बजट पर चर्चा में विपक्ष को करारा जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने आंकड़ों के दम पर विपक्ष की हर आपत्ति को खारिज किया। उन्होंने एक के बाद एक कई शेर पढ़ते हुए पिछली हुड्डा सरकार के वित्त प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा भाजपा सरकार के राज में न केवल कर्ज घटा है, बल्कि हर व्यक्ति की आय में बढ़ोतरी हुई है।
वित्त मंत्री ने तीन दिन की चर्चा के बाद विपक्ष की घेराबंदी का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दिया। इससे पहले बजट पर चर्चा करते हुए विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, शकुंतला खटक, जसविंदर सिंह संधू, आनंद सिंह दांगी, डा. रघुबीर कादियान, जयतीर्थ दहिया, जगबीर मलिक, गीता भुक्कल आदि विपक्षी विधायकों ने हरियाणा सरकार के बजट को नई बोतल में पुरानी शराब करार दिया।
यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में थे युवक-युवती, अचानक हालत बिगड़ी तो भाग गया प्रेमी
विपक्ष के सवालों का सत्ता पक्ष के विधायकों ने पूरा जवाब दिया। घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण, पानीपत के विधायक महीपाल सिंह ढांडा, कुरुक्षेत्र के विधायक सुभाष सुधा, बख्शीश सिंह विर्क, भगवान दास कबीरपंथी, विक्रम सिंह ठेकेदार, घनश्याम दास अरोड़ा, अभय सिंह यादव, मूलचंद शर्मा ने अपने-अपने इलाकों की समस्याएं उठाने के साथ ही विपक्ष के सवालों को सिरे से खारिज किया।
विधानसभा में जब वित्त मंत्री अपना जवाब दे रहे थे, तब न तो मुख्यमंत्री थे और न ही विपक्ष के नेता। कांग्रेस की तरफ से अकेली किरण चौधरी मौजूद थीं। इ पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने चुटकी ली कि हुड्डा कांग्रेस चली गई और किरण कांग्रेस रह गई। इस पर किरण चौधरी ने मंत्री को चुप बैठने की नसीहत दी।
कांग्रेस के करण सिंह दलाल ने हस्तक्षेप करते हुए सदन में कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के सहयोग से भाजपा दोनों लोकसभा सीटें हार गई है। इस बात पर सदन में हंसी छूट गई। कैप्टन अभिमन्यु ने रणदीप सुरजेवाला पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सदन में नहीं आए मगर दिल्ली में बैठकर टिप्पणी कर रहे हैैं। पिछली सरकार ने जो कर्ज लिया, वह सालाना बढ़ा मगर भाजपा सरकार में कर्ज लेने की दर घटी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी विभागों तथा सेक्टर का बजट बढ़ाया है तथा हमारे विभागों का आवंटित बजट खर्च भी बढ़ा है।
भयावह हकीकत पर सुनहरी परदा डाल रही सरकार : हुड्डा
उधर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने बजट पर सरकार को घेरते हुए बयान जारी कर रहा कि भाजपा सरकार इवेंट मैनेजमेंट और फिजूलखर्ची की दिशा में बढ़ रही है। यह बजट भयावह हकीकत पर सुनहरी परदा है। भाजपा ने राज्य को आर्थिक दिवालियापन के कगार पर धकेल दिया।
यह भी पढ़ें: मुफ्त में नहीं खिलाया-पिलाया तो दो भाइयों ने किशोर की ले ली जान
हुड्डा ने कहा कि लोग भाजपा के बजट की असलियत जान चुके हैैं और मान चुके कि इनके राज में विकास होने की कोई संभावना नहीं है। हुड्डा ने कहा कि सरकार कर्जा लेकर उत्सव आयोजित करने में लगी है। 2020-21 तक कर्जा राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 25 फीसदी तक पहुंच जाएगा।