हुड्डा और तंवर गुट की लड़ाई पर विज बोले, गांधी टोपी छोड़ हेलमेट पहनें कांग्रेसी
भाजपा नेता अनिल विज ने कांग्रेस की लड़ाई पर तंज कसा। कहा, कांग्रेस को टोपी छोड़कर कार्यक्रमों में हेलमेट पहनकर जाना चाहिए।
चंडीगढ़ (वेब डेस्क)। भाजपा नेता व मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता हुड्डा व तंवर गुट के आपस में भिडऩे पर चुटीली टिप्पणी की है। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, हुड्डा और तंवर गुट की दिल्ली लड़ाई के बाद कांग्रेस के प्रत्येक कार्यक्रम में गांधी टोपी की जगह हेलमेट पहनकर आना अनिवार्य कर देना चाहिए।
हुड्डा और तंवर गुट की दिल्ली लड़ाई के बाद कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्म में गांधी टोपी की जगह हेलमेट पहन कर आना अनिवार्य कर देना चाहिए |
— ANIL VIJ Minister (@anilvijminister) October 7, 2016
बता दें, गत दिवस कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा के स्वागत के लिए हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने समर्थकों के साथ दिल्ली के भैरों मंदिर पहुंचे थे। दोनों के समर्थक राहुल के स्वागत करने के बजाय आपस में ही भिड़ गए, जिसमें तंवर सहित कई लोग जख्मी हो गए। उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
फेसबुक अकाउंट पर भी विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल द्वारा दिए गए जवानों के खून की दलाली वाले बयान पर लिखा कि जिस पार्टी ने राजनीति के लिए, वोटों के लिए सदा खून की होली खेली हो 1947 में देश का बंटवारा करवाया। 10 लाख लोगों का कत्लेआम हुआ। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सैंकड़ों सिखों का कत्लेआम करवाया।
जिस-जिस प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही वहां सदा दंगे होते रहे और अनेक कत्ल होते रहे। उस पार्टी को हर काम में खून व खून की दलाली नजर आती है। राहुल गांधी ने ऐसा कहकर सेना का अपमान किया है, देश का अपमान किया है , 125 करोड़ देश के लोगों का अपमान किया है। इसके लिए राहुल गांधी को कभी माफ नहीं किया जा सकता है।
पढ़ें : खेमका बोले, 73 आइएएस एेसे जिन्होंने बिना बाउचर के अधिक लिया एलटीसी का पैसा