हरियाणा बजट सत्रः विज ने कहा, पंजाब में एसवाइएल कांग्रेस ने रुकवाई
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एसवाइएल नहर न बन पाने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यह बात विधानसभा में कही।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाइएल) के लिए किसी ने कितना भी काम क्यों नहीं किया हो, लेकिन यह बात सच है कि पंजाब में एसवाइएल को रुकवाने वाली कांग्रेस ही है। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशवीर कादियान ने एसवाइएल के मुद्दे पर बोलने की मांग की। इस पर भाजपा विधायकों ने उनका विरोध जताया।
गत दिवस भी सदन में पानी के मुद्दे पर जमकर बहस ही। हरियाणा के खेत इस समय पानी के अभाव में सूख रहे हैं। प्रदेश सरकार पानी की उपलब्धता के अभाव में टेल तक पानी नहीं पहुंचा पा रही है। खुद कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने सदन में यह बात स्वीकारी है। कांग्रेस विधायक जगबीर सिंह मलिक ने प्रश्नकाल के दौरान गुहना माइनर, भैंसवाल माइनर, कैलाना माइनर, लाठ माइनर और गामड़ी के रजबाहों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने का दावा किया था।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के स्थान पर कृषि मंत्री धनखड़ ने जवाब देते हुए स्वीकार किया कि वर्तमान हालातों में हरियाणा के पास सिंचाई के लिए पानी की कमी है। भाखड़ा के जलस्तर में 45 फीट का अंतर आ गया है। उन्होंने सदन में बताया कि पिछले साल हरियाणा को भाखड़ा में 21.40 लाख एकड़ फीट पानी वाला क्षेत्र मिला था। इस वर्ष यह कम होकर केवल 11.50 लाख एकड़ फीट रह गया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि भाखड़ा से पहले जहां 10 हजार क्यूसेक पानी मिलता था, वहीं अब आठ हजार क्यूसेक पानी ही मिल रहा है। आने वाले दिनों में पानी की उपलब्धता कम होने के कारण खेतों को की जाने वाली आपूर्ति में और कमी आ सकती है। धनखड़ ने बताया कि पहले सरकार खेतों को जो पानी चार बार देती थी, अब वही पानी पांच बार दिया जा रहा है। ऐसे में किसानों की समस्या वाजिब है।
कृषि मंत्री के जवाब पर असंतुष्टी जताते हुए विधायक जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि पानी की कमी में फसलें लगातार तबाह हो रही हैं और किसान खेती छोडऩे को मजबूर हो रहे हैं। सरकार ने अगर ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेश में किसान और कृषि पूरी तरह से तबाह हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा में भी गूंजा गुरमेहर मामला, वंदे मातरम व शेम-शेम के नारे