बदला हुआ दिखेगा विधानसभा में नजारा, अभय चौटाला की सीट पर बैठेंगी किरण चौधरी
हरियाणा विधानसभा में मॉनसून सत्र में सदन का नजारा काफी कुछ बदला नजर आएगा। इस बार कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला की सीट पर बैठेंगी।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में सदन का नजारा बदला हुआ नजर आएगा। 2 अगस्त से आरंभ होने वाले मानसून सत्र के लिए विधायकों के सीटिंग प्लान में बदलाव किया गया है। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी सदन में इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला की सीट पर बैठेंगी। नई व्यवस्था के मुताबिक अब सत्ता पक्ष के सामने वाली बेंचों पर कांग्रेस विधायक बैठेंगे।
इनेलो में मची भगदड़ का असर, स्पीकर ने विधानसभा का सीटिंग प्लान बदला
भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में यह पहला मौका है, जब सीटिंग प्लान बदला गया है। इनेलो विधायकों में मची भगदड़ के चलते स्पीकर कंवरपाल गुर्जर ने सीटिंग प्लान चेंज किया है। राज्य के प्रमुख विपक्षी दल होने के नाते अभी तक इनेलो विधायक सत्ता पक्ष के सामने की सीटों पर बैठते आए हैं। विपक्ष के नेता के नाते अभय सिंह चौटाला जिस सीट पर बैठा करते थे, अब वहां कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी बैठी नजर आएंगी। किरण चौधरी ने विपक्ष के नेता पद के लिए भी दावेदारी जता रखी है, लेकिन स्पीकर ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से इस बारे में सहमति पत्र मांग रखा है।
2 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र में बदला-बदला होगा राजनीतिक माहौल
कांग्रेस में आपसी गुटबाजी के चलते अभी तक किरण चौधरी को विपक्ष का नेता बनाने संबंधी पत्र स्पीकर के पास नहीं भेजा गया है, लेकिन किरण चौधरी सत्ता पक्ष के बेंच के सामने अभय सिंह चौटाला की बेंच पर कांग्रेस विधायक दल की नेता के नाते बैठी नजर आएंगी। हालांकि सदन में वह स्पीकर के सामने खुद को विपक्ष का नेता घोषित करने की दावेदारी कर सकती हैं।
कांग्रेस विधायकों की बेंच पर बैठे दिखाई देंगे इनेलो विधायक, कई विधायक नहीं होंगे सदन में
किरण चौधरी की बगल में हरियाणा विधानसभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव बैठेंगी। उनकी यह सीट रिजर्व है। इनेलो विधायकों के पाले में जिस बेंच पर नूंह के विधायक जाकिर हुसैन बैठा करते थे, अब उस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बैठे नजर आएंगे।
कांग्रेस विधायक के पाले में स्पीकर के ठीक सामने जिस सीट पर किरण चौधरी बैठती थीं, अब उस पर इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला बैठे दिखाई देंगे।पांच इनेलो विधायक भाजपा का दामन थाम चुके हैं, लेकिन इनमें कुछ विधायक अपने पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुए। लिहाजा वह सदन में दिखाई नहीं देंगे। इनेलो के विधायकों की संख्या कबी 19 थी, जबकि कांग्रेस विधायक 17 हैं।
एक इनेलो विधायक नसीम अहमद का साथ भी कांग्रेस को मिल चुका है। इनेलो के पास अब मात्र पांच विधायक बचे हैं। पेहवा के इनेलो विधायक जसविंद्र सिंह संधू और जींद के विधायक डा. हरिचंद मिढा का देेहावसान हो चुका है। चार विधायक नैना सिंह चौटाला, नरवाना के विधायक पिरथी नंबरदार, उकलाना के विधायक अनूप धानक और दादरी के विधायक राजदीप फौगाट पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी के साथ जुड़े हैं।
अभय चौटाला ने इन चारों विधायकों की सदस्यता दलबदल कानून के तहत रद कराने के लिए स्पीकर के पास आवेदन दिला रखा है। फरीदाबाद एनआइटी के विधायक नगेंद्र भड़ाना चुनाव जीतने के बाद से कभी इनेलो के पाले में खड़े नजर नहीं आए। भड़ाना पूरी तरह से भाजपा के साथ हैं। रानियां के विधायक रामचंद्र कांबोज ने रविवार को ही पार्टी छोड़ी है, लेकिन अभी तक किसी दल में जाने का मन नहीं बनाया है।
फिरोजपुर झिरका के विधायक नसीम अहमद कांग्रेस में शामिल हो चुके, लेकिन उनके जल्द ही भाजपा का दामन थामने की संभावना है। जुलाना के विधायक परमिंदर सिंह ढुल, फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, नलवा के विधायक रणबीर गंगवा, नूंह के विधायक जाकिर हुसैन तथा हथीन के विधायक केहर सिंह रावत पिछले दिनों भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला के साथ अब रतिया के विधायक प्रो. रवींद्र बलियाला, सिरसा के विधायक मक्खन सिंगला, बरवाला के विधायक वेद नारंग और लोहारू के विधायक ओमप्रकाश बारवा ही खड़े दिखाई दे रहे हैं।