विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर पर मनोहर और हुड्डा में जुबानी जंग हुई तेज
मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर को सम्मानित करने को लेकर सीएम मनोहरलाल और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच जुबानी जंग तेज हाे गई है। दोनों एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर को लेकर हरियाण के मुख्यमंत्री मनोहरनलाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा में जुबानी जंग तेज हो गई है। मानुषी को उनकी शानदार कामयाबी के लिए सम्मानित करने को लेकर दोनों नेता आमने सामने आ गए हैं। हुड्डा ने मानुषी को पदक विजेता खिलाडिय़ों की तर्ज पर 500 गज का प्लाट और छह करोड़ रुपये दिए जाने की मांग की। इस पर सीएम मनोहर लाल ने हुड्डा को आड़े हाथों लिया और उनकी मांग को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि हुड्डा को सपने में भी प्लॉट और पैसा दिखाता है।
हुड्डा ने मांगा था मानुषी के लिए प्लाट और छह करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने मानुषी का भव्य अभिनंदन करने और सुविधाओं व काम की जिम्मेदारी के मामले में मानुषी की राय पूछे जाने की बात कही थी। मुख्यमंत्री के पलटवार के बाद हुड्डा ने दिल्ली में कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कोई कसूर नहीं है। बेटियों की अहमियत वही समझ सकता है, जिसकी बेटियां हों।
इन्हें क्या पता बेटियों की अहमियत : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि ओलंपिक में हमारा खिलाड़ी गोल्ड मेडल लाता है तो उसे पुरस्कार दिया जाता है। इसी आधार पर मैैंने मानुषी छिल्लर के लिए प्लाट व पुरस्कार की मांग की थी। अब तक सरकार ने महिला पहलवान साक्षी मलिक को नौकरी नहीं दी है। उनकी माता की प्रमोशन तक नहीं हुई। कितने ही खिलाड़ी ऐसे हैैं, जिन्हें अब तक नौकरी, इनाम और पद नहीं मिले हैैं। बेटियों का सम्मान करना हर किसी सरकार की जिम्मेदारी है। खैर...इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कोई कसूर नहीं है। बेटियों का सम्मान वही समझ सकता है, जिसकी बेटियां होती हैैं।
हम मानुषी से पूछेंगे उनकी इच्छा क्या : मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि हुड्डा अपनी सरकार में प्लाट बांटते रहे हैैं, इसलिए उन्हें प्लाट और पैसा ही दिखता है। सरकार मानुषी का भव्य अभिनंदन करेगी। उनके स्वदेश लौटने का इंतजार है। मानुषी से खुद उनकी इच्छा पूछी जाएगी। जहां भी जिस स्थिति में वे काम करना चाहेंगी, सरकार उन्हें जिम्मेदारी सौंपेगी। सरकार ने कोई भी पद या कार्य चुनने का फैसला मानुषी पर ही छोड़ दिया है।
मनोहर लाल ने कहा कि मानुषी हरियाणा और देश का गौरव है। विश्व सुंदरी प्रतियोगिता के आयोजकों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मानुषी ने मां को सम्मान दिया है। मानुषी को मैैं सलाम करता हूं।