महेशपुर में गाड़ियों के शीशे और एक्टिवा तोड़ी, लोगों को पीटा
एक ग्लास हाउस के बाहर रखे शीशे तोड़ दिए और एक घर पर हमला कर दिया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : गांव महेशपुर में कुछ शरारती तत्वों ने पुरानी रंजिश के चलते कई गाडि़यों और एक ग्लास हाउस के बाहर रखे शीशे तोड़ दिए और एक घर पर हमला कर दिया। हमले में दो व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं जिनका नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में इलाज चल रहा है। वारदात बुधवार रात लगभग साढ़े 12 बजे की है। एक आल्टो कार में पांच से छह युवक सवार होकर गांव महेशपुर पहुंचे। जिन्होंने तीन गाडि़यों पर पत्थर और डंडे मारकर उनके शीशे और एक एक्टिवा को तोड़ दिया। साथ ही एक घर में घुसकर हमला कर दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पूर्व पार्षद शमशेर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति जसविद्र सिंह उर्फ शैंटी का सुनील नामक ठेकेदार से कुछ समय पूर्व किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था परंतु ठेकेदार सुनील ने रंजिश रखते हुए देर रात उसकी इनोवा कार के शीशे तोड़ दिए। इसके अलावा एक एक्टिवा को बुरी तरह तोड़ दिया। एक महिद्रा पिकअप का भी शीशा तोड़ा गया। दो मजदूरों को भी बुरी तरह पीटा
एक मकान मालिक जीती सिंह ने बताया कि उनके मकान में दो मजदूरों पर हमला कर दिया। कमरे में घुसकर उन्हें बुरी तरह पीटा जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोटें आई है। खून बिखरा हुआ था। उनकी कोई दुश्मनी नहीं थी लेकिन उसके बावजूद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और उनके किरायेदारों को पीटा। शमशेर सिंह ने बताया कि आरोपितों ने काफी तोड़फोड़ की है। सोनू कुमार ने बताया कि उसकी एक्टिवा का अगला और पिछला हिस्सा तोड़ दिया गया। जबकि बबलू की महिद्रा पिकअप के शीशे तोड़ गए हैं। एक ग्लास हाउस के बाहर रखे शीशे भी तोड़ दिए।