'नशे में नहीं, खेल मैदान में दिखें युवा...', उत्तराखंड के CM की हरियाणा में अपील, बैट से बॉल को बाउंड्री पार पहुंचा दिखाया जुनून
पंचकूला में चल रही नमो क्रिकेट लीग में पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैट से बॉल का ...और पढ़ें

नमो क्रिकेट लीग में बैट से शॉट लगाते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव ने की गेंदबाजी।
सीएम धामी ने नमो क्रिकेट लीग में बैट से लगया शॉट।
युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल से जुड़ने की शपथ दिलाई।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। उन्होंने मैदान में बैट भी थामा। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने गेंदबाजी की और धामी ने शानदार शॉट लगाकर बाॅल का बाउंड्री पार पहुंचाया।
इसके बाद धामी ने नमो क्रिकेट लीग के मंच से उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं। नशे की गिरफ्त में नहीं, बल्कि खेल के मैदान में दिखाई दें।
धामी ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि अनुशासन, रोजगार, स्वास्थ्य और राष्ट्र गौरव का माध्यम भी बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेलों के संसाधनों और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार काम किया है। इसी का परिणाम है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलने वाले खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं।
धामी ने कहा कि जब हमारे खिलाड़ी पदक जीतते हैं, तिरंगा लहराता है और राष्ट्रगान की धुन बजती है तो हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को मिलकर यह तय करना होगा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में लगे।
धामी ने कहा- यदि कोई लत लगानी है तो खेल की लगाएं
पंचकूला की धरती से युवाओं से अपील करते हुए धामी ने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी है तो खेल की लगाएं और यदि सबसे बड़ा सपना देखना है तो भारत को दुनिया का सशक्त राष्ट्र बनाने का सपना देखें। नशा जीवन को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर देता है, परिवार को तबाह करता है और सपनों को चकनाचूर कर देता है।
धामी ने कहा कि खेल जीवन को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि अपनी किस्मत खुद लिखिए, नशे को बढ़ावा मत दीजिए और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कीजिए।
एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, एक परिवार बचेगा तो पूरा समाज मजबूत बनेगा और मजबूत समाज से देश भी मजबूत होगा। उन्होंने नमो क्रिकेट लीग के मंच से सभी को ‘नशे को ना, खेल को हां’ की शपथ दिलाई।
