हरियाणा में दो नई निजी यूनिवर्सिटी को मिली मान्यता, उच्च शिक्षा के बढ़े नए अवसर
हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी में कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और गुरुग्राम में मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी को मान्यता दे दी है। राज्यपाल ...और पढ़ें

हरियाणा में दो नई निजी यूनिवर्सिटी को मिली मान्यता। फाइल फोटो
HighLights
कुसुम इंटरनेशनल और मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी को मिली मान्यता।
हरियाणा में अब 29 निजी विश्वविद्यालय हुए।
उच्च शिक्षा के नए अवसर, आधुनिक पाठ्यक्रम उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रेवाड़ी में संचालित कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और गुरुग्राम में संचालित मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी को हरियाणा सरकार ने मान्यता दे दी है। विधानसभा में पारित हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक-2026 को राज्यपाल असीम कुमार घोष ने मंजूरी दी है। इसी विधेयक के माध्यम से राज्य में दो नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी बनी हैं।
विधि एवं विधायी विभाग के विशेष सचिव अमरजीत सिंह ने संशोधित विधेयक की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही हरियाणा में मान्यता प्राप्त निजी विश्चविद्यालयों की संख्या 27 से बढ़कर 29 हो गई है। हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2006 की अनुसूची में कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को 28वें और मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी को 29वें स्थान पर जोड़ा गया है।
उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे
गुरुग्राम स्थित नए जमाने के बिजनेस और टेक्नोलाजी स्कूल मास्टर्स यूनियन के पास अभी तक आशय पत्र (एलओआइ) था। अब इसे निजी विश्वविद्यालय के रूप में वैधानिक मान्यता मिल गई है। दोनों विश्वविद्यालयों को मान्यता से विशेषकर दिल्ली-एनसीआर से सटे इलाकों में उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे। छात्रों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक व व्यावसायिक पाठ्यक्रम चुनने का मौका मिलेगा।
हरियाणा में अब 12 राष्ट्रीय महत्व के संस्थान और 27 सरकारी यूनिवर्सिटी हैं, जिनमें 24 राज्य और तीन केंद्रीय यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इसी तरह 29 प्राइवेट यूनिवर्सिटी हैं, जिनमें से 12 गुरुग्राम जिले में, पांच सोनीपत में, तीन झज्जर में और दो फरीदाबाद में हैं। इसके अलावा पानीपत, रेवाड़ी और रोहतक में भी निजी विश्वविद्यालय चल रहे हैं।
