दिल्ली से बाइक उठा चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में की स्नैचिंग, 60 वारदात को दिया अंजाम; जीजा-साला गिरफ्तार
पंचकूला पुलिस ने ट्राईसिटी में 60 से अधिक स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले जीजा-साला गिरोह को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

पंचकूला पुलिस की हिरासत में स्नैचिंग करने वाले जीजा-साला।
HighLights
दिन में स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर करते थे रेकी।
नकली नंबर प्लेट लगाकर करते थे स्नैचिंग।
1800 सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपित दबोचे।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। दिल्ली से बाइक उठाकर ट्राईसिटी पहुंचे और राह चलते लोगों को निशाना बनाकर फिर दिल्ली लौट गए। क्राइम ब्रांच-2 ने स्नैचिंग की करीब 60 वारदात को अंजाम देने के आरोप में जीजा-साला को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी 46 वर्षीय विक्की उर्फ देवेन्द्र और उत्तर-पूर्वी दिल्ली निवासी उसके साले उस्मान अली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपित विक्की करीब 20 वर्षों से ट्राईसिटी क्षेत्र में सक्रिय रहा है।
दोनों को अदालत में पेश पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उनसे एक बाइक भी बरामद की है। आरोपितों ने इसी साल 25 जुलाई को सेक्टर-16 निवासी महिला की सोने की चेन झपट ली थी। आरोपितों तक पहुंचने के लिए इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में करीब 1800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित दिन के समय स्पोर्ट्स बाइक पर घूमकर रेकी करते थे और वारदात के दौरान नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। आरोपी काली टेप की मदद से फर्जी नंबर प्लेट तैयार करते थे।
पुलिस के अनुसार, विक्की बाइक चलाता था और उसका साला उस्मान अली पीछे बैठकर स्नैचिंग करता था। उस्मान को कम दिखाई देता है। दोनों बाइक पर सवार होकर सुनसान या कम भीड़ वाले स्थानों पर राहगीरों की रेकी करते और मौका मिलते ही चेन या अन्य सामान झपटकर फरार हो जाते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपित पंचकूला के अलावा चंडीगढ़, मोहाली सहित अन्य इलाकों में भी कई वारदात कर चुके हैं।
डेराबस्सी में किराये का फ्लैट
जांच में सामने आया कि विक्की दिल्ली से बाइक लेकर ट्राईसिटी आता था। उसने डेराबस्सी में किराये पर फ्लैट ले रखा था। यहीं से दोनों बाइक पर निकलकर अलग-अलग इलाकों की रेकी करते थे। वारदात के बाद बाइक से डेराबस्सी लौटते और फिर दिल्ली चले जाते थे। इस तरह वे स्थानीय पुलिस की नजर से बचने की कोशिश करते थे।
एक महीने में 19 मामलों में 36 आरोपित गिरफ्तार
पंचकूला में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर रोक लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की तरफ से शुरू किए गए विशेष अभियान आपरेशन हंटडाउन के तहत सितंबर माह में क्राइम यूनिट-1, 2 और 3 की टीमों ने 19 मामलों में 36 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से नकदी, 6 मोबाइल फोन, 78 वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद वाहनों में बाइक, एक्टिवा, कार और टिप्पर शामिल हैं। अभियान के दौरान दो बड़े वाहन चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश किया।
