नए DGP ने बदल डाले पुराने चेहरे, CP गुरुग्राम, ADGP लॉ एंड आर्डर सहित नौ अफसरों के तबादले
नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की कमान संभालने के बाद मनोज यादव ने मनमाफिक टीम बनानी शुरू कर दी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की कमान संभालने के बाद मनोज यादव ने मनमाफिक टीम बनानी शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में एक और बड़ा फेरबदल हुआ है। डीजी रैंक के चार, एडीजीपी रैंक के दो, दो आइजी व एक सीपी स्तर के अधिकारी को बदला गया है।
मनोज यादव ने गत गत सप्ताह पदभार संभाला था। उनके कार्यकाल में यह पहला फेरबदल है। एडीजीपी लॉ एंड आर्डर मोहम्मद अकील को हटा दिया गया है। उनकी जगह नवदीप सिंह विर्क लेंगे। अकील को एडीजीपी मुख्यालय व पुलिस आयुक्त गुरुग्राम बनाया गया है।
पुलिस आयुक्त गुरुग्राम केके राव को आइजी आरटीसी भौंडसी बनाया गया है। डीजी हरियाणा मानवाधिकार आयोग डॉ. केपी सिंह डीजी स्टेट विजिलेंस ब्यूरो मुख्यालय होंगे। यादव के जॉइन करने से पहले वह ही कार्यवाहक डीजीपी थे। डीजी मधुबन काम्प्लेक्स केके सिंधु को चेयरमैन पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन बनाया गया है।
डीजी विजिलेंस पीआर देव अब मानवाधिकार आयोग के डीजी होंगे। डीजी मुख्यालय रहे केके मिश्रा अब हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के विजिलेंस के डीजी होंगे। चारु बाली अब आइजी मुख्यालय होंगी। योगेंद्र सिंह मेहरा आइजी करनाल बने हैं। वह आइजी आरटीसी भौंडसी के साथ आइजी एसटीएफ के पद पर तैनात थे।