अतिक्रमण हटाने पर भड़का रेहड़ी वाला, तेल छिड़क दी आग लगाने की धमकी
रेहड़ी वाले ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की धमकी दी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : नगर निगम द्वारा शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया जब एक रेहड़ी वाले ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, यह रेहड़ी वाला नगर निगम की गाड़ी के नीचे लेट गया और लगभग आधे घंटे तक नगर निगम के कर्मचारी इस रेहड़ी वाले को मनाने और हटाने के लिए मशक्कत करते नजर आए। दरअसल पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम पंचकूला द्वारा पूरे शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है जिसके तहत पिछले एक सप्ताह से नगर निगम की टीम शहर के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए जुटी हुई है। मंगलवार को जब सेक्टर-14 में नगर निगम की टीम पहुंची तो वहां पर एक गन्ने के जूस की रेहड़ी लगाने वाला विक्टर नगर निगम की टीम को देखकर रेहड़ी लेकर मौके से भागने लगा जिसे टीम ने रोक लिया और उसका सामान उठाने लगी। खुद को नहीं लगाई आग
रेहड़ी वाले के पास बोतल में डीजल रखा हुआ था और देखते ही देखते उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। जिसे देखकर निगम के कर्मचारी भी घबरा गए लेकिन गनीमत रही कि रेहड़ी वाले ने खुद को माचिस की तिल्ली से आग नहीं लगाई और होमगार्ड के जवानों ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच जैसे ही होमगार्ड जवानों ने उसे छोड़ा तो वह नगर निगम की गाड़ी के पहिये के नीचे लेट गया और निगम कर्मचारियों को गाड़ी चलाने के लिए उकसाने लगा। 10 मिनट तक सभी यह ड्रामा देखते रहे और उसे समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन जब वह नहीं माना, तो होमगार्ड के जवानों ने लोगों की मदद से उसे गाड़ी के नीचे से निकाला और साइड किया। जो विरोध करेगा, उस पर करेंगे कार्रवाई : जोगपाल
नगर निगम के प्रशासक राजेश जोगपाल ने कहा है कि हाई कोर्ट के स्पष्ट आदेश है कि मुख्य मार्गो, पार्किग और जहां भी यातायात बाधित होता है, वहां पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। जिसके चलते शहर में यह अभियान चल रहा है और जो लोग इस काम में बाधा डालने कोशिश करेंगे, उन पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मुहिम का शुरू से ही विरोध
शहर में जब से मुहिम शुरू हुई है, निगम के खिलाफ फड़ी वाले विरोध कर रहे हैं। सोमवार को भी एक छोले-कुचले वाले ने सेक्टर-14 में नगर निगम के कर्मचारियों से झगड़ा किया था और गाड़ी के नीचे लेट गया था। अब निगम की टीम की मुहिम के खिलाफ रेहड़ी-फड़ी वाले एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन एवं धरना देने की तैयारी कर रहे हैं।