यशोभूमि से राजीव चौक तक चलेगी मेट्रो, 25 मिनट में पूरा होगा सफर; DPR में हुआ बदलाव, कहां-कहां बनेंगे स्टेशन?
दिल्ली के यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक तक मेट्रो चलाने की डीपीआर को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सुझावों ...और पढ़ें

यशोभूमि से राजीव चौक तक चलेगी मेट्रो। फाइल फोटो
HighLights
DPR में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सुझावों पर संशोधन।
यशोभूमि से राजीव चौक तक 20 किमी भूमिगत मेट्रो।
13,500 करोड़ की परियोजना 2031 तक होगी पूरी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। दिल्ली के यशोभूमि (द्वारका) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक मेट्रो चलाने की योजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को संशोधित किया गया है। पहले बनी डीपीआर में स्टेशनों के प्रवेश तथा निकास द्वार को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की तकनीकी टीम ने सुधार के सुझाव दिए थे। नई डीपीआर में स्टेशन के निकास द्वार की चौड़ाई बढ़ाई गई है।
संशोधित डीपीआर की अनुमति मिलने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन की ओर से आगे की प्रकिया आरंभ कर दी जाएगी। करीब 13,500 करोड़ की परियोजना को 2031 तक पूरा किया जाना है। यह मेट्रो लाइन यशोभूमि के इंटरचेंज स्टेशन से गुरुग्राम के राजीव चौक तक भूमिगत होगी। 20 किलोमीटर लंबे रूट पर यशोभूमि के अलावा पांच स्टेशन बनाने का प्रस्ताव योजना में शामिल किया गया है।
मेट्रो दिल्ली से गुरुग्राम के बीच चलकर मिलेनियम सिटी तक
यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक पहुंचने में करीब 25 मिनट लगेंगे। सर्वे में यह सामने आया है कि इस रूट पर मेट्रो चलने से रोजाना करीब सवा लाख यात्रियों को आवागमन होगा। इससे गुरुग्राम तथा पश्चिमी दिल्ली की ओर सड़क मार्ग से आने-जाने वालों की संख्या बढ़ने के बजाय कम होगी। अभी डीएमआरसी की मेट्रो दिल्ली से गुरुग्राम के बीच चलकर मिलेनियम सिटी तक ही पहुंच रही है।
यह दिल्ली मेट्रो का गुरुग्राम से जोड़ने वाला दूसरा रूट होगा। नए रूट को केंद्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल की पहल पर विकसित किया जा रहा है। दूसरी ओर गुरुग्राम में भी दो चरण में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड की ओर से मेट्रो विस्तार किया जा रहा है।
यहां बनेंगे स्टेशन
- यशोभूमि (द्वारका)एक्सटेंशन प्वाइंट
- बिजवासन
- कापससेड़ा
- सेक्टर 22 (दिल्ली-गुरुग्राम सीमा)
- इफको चौक
- राजीव चौक।
