हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल, IAS सुधीर राजपाल अब वित्त विभाग भी संभालेंगे; कौन बनेंगे CM के प्रधान सचिव?
हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल को गृह और पर्यावरण विभागों के साथ अब वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

सुधीर राजपाल को मिला हरियाणा में वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त कार्यभार। फाइल फोटो
HighLights
सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त कार्यभार।
अरुण गुप्ता की सेवानिवृत्ति के बाद पद हुआ था रिक्त।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद पर नियुक्ति अभी बाकी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सबसे वरिष्ठ आइएएस अधिकारी सुधीर राजपाल अब वित्त और योजना विभाग भी संभालेंगे। गृह, जेल, आपराधिक जांच (सीआइडी), न्याय प्रशासन तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 30 सितंबर को उनकी सेवानिवृत्ति के बाद यह पद रिक्त हो गया। हालांकि प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तर्ज पर अरुण गुप्ता का कार्यकाल बढ़ाने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा था, लेकिन मंजूरी नहीं मिली।
कौन बनेंगे सीएम के प्रधान सचिव
वित्त और योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के बावजूद अब भी मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव का पद रिक्त है। इस पद के लिए कई वरिष्ठ आइएएस अधिकारी लॉबिंग में जुटे हैं।
पूरी संभावना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे से लौटने के बाद ही उनके नए प्रधान सचिव की नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री चार से छह अक्टूबर तक विदेश दौरे पर रहेंगे, जिनके साथ सेवानिवृत्त हो चुके अरुण गुप्ता भी जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में कोई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
