Move to Jagran APP

हरियाणा में हड़ताल बेअसर, रोडवेज की बसों का परिचालन सामान्‍य

हरियाणा में कर्मचारी और श्रमिक संगठनों की हड़ताल बेअसर रही। राज्‍य में बस सेवा भी सामान्य है और हरियाणा रोडवेज की बसें चल रही हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Tue, 08 Jan 2019 01:29 PM (IST)Updated: Tue, 08 Jan 2019 08:49 PM (IST)
हरियाणा में हड़ताल बेअसर, रोडवेज की बसों का परिचालन सामान्‍य
हरियाणा में हड़ताल बेअसर, रोडवेज की बसों का परिचालन सामान्‍य

चंडीगढ़,जेएनएन। हरियाणा में आज कर्मचारी और श्रमिक संगठनों की हड़ताल का असर नहीं है। हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी संगठनों के शामिल होने के बावजूद बसों का परिचालन सामान्‍य है। वैसे सरकारी कार्यालयों में हड़ताल का असर दिखा। अधिकतर सरकारी कार्यालय सूने दिखे।

loksabha election banner

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े सरकारी कर्मचारी और उद्योगों के श्रमिक मांगों को लेकर दो दिन की हड़ताल पर हैं। इससे परिवहन, बिजली, सफाई सहित रोजमर्रा से जुड़ी कई सेवाओं के बेपटरी होने की संभावना थी। मंगलवार को पहले दिन हड़ताल का राज्‍य में असर नहीं दिखा। वैसे भारतीय मजदूर संघ, हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ, भारतीय ठेका मजदूर संघ सहित कुछ अन्य यूनियनों ने हड़ताल से किनारा कर लिया है।

झज्‍जर स्‍टैंड पर लगीं बसें।

राज्‍य में बिजली आैर पानी की आपूर्ति भी सामान्‍य है। राज्‍य में हिसार, पानीपत, रोहतक सहित सभी बस स्‍टैंडों से बसें चल रही हैं। सुबह के समय कुछ बसें नहीं चलीं, लेकिन बाद में बस सेवाएं पूरी तरह सामान्‍य हो गई। रोहतक सहित कुछ जगहों पर कर्मचारी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

रोहतक बस स्टैंड से अधिकतर बसें चलीं। इस कारण यात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्‍कत नहीं हुई। नए बस स्टैंड पर पुलिस ने कुछ कर्मचारी नेताओं को गिरफ्तार किया। कैथल में भी कर्मचारियों की हड़ताल बेअसर रही। रोडवेज चक्का जाम के सहारे कर्मचारी हड़ताल को सफल बनाना चाहते, लेकिन कैथल बस स्टैंड से अधिकतर    बसें रवाना हुई। कैथल डिपों के जीएम ने दावा किया कि यहां से सभी बसें चल रही हैं।

कैथल बस स्‍टैंड पर लगीं बसें।

झज्जर बस स्टैंड से भी बसें सामान्य रूप से चलीं। निजी एवं रोडवेज की सभी बसें सुबह से ही चलीं। जिले में बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी हड़ताल का असर नहीं हुआ है। वैसे, राष्ट्रीयकृत बैंक में स्टाफ नहीं होने के कारण लोगों को जरूर परेशानी हुई। पानीपत में भी हड़ताल बेअसर रही। पानीपत बस स्‍टैंड से बसें सामान्‍य रूप से चलीं। जिले में बिजली, पानी की आपूर्ति भी सामान्‍य है। हड़़ताल का स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं पर भी असर नहीं पड़ा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.