श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर उमड़ी संगत
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। नाडा साहिब गुरुद्वारे में सुबह ही संगत जुट गई। यहां हजारों लोगों ने अरदास की।
जेएनएन, पंचकूला। सिखों के दसवें गुरु श्रीगुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव पर वीरवार को राज्यभर में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। एतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में लाखों संगतों ने शीश नवाया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रोफ़ेसर कृपाल सिं बडूंगर की अगुवाई में गुरुपर्व बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया। गुरुद्वारे के द्वार तड़के ढाई बजे संगतों के लिए खोल दिए गए थे। गुरुद्वारे को सुंदर लाईटों से सजाया गया था। देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से सिख संगत शीश नवाने पहुंची। गुरुपर्व के चलते नाडा साहिब से लेकर माजरी चौंक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई।
गुरुद्वारे के मैनेजर सरदार रंजीत सिंह ने बताया कि 3 जनवरी से शुरू हो अखंड पाठ का आज भोग डाला गया। गुरुद्वारे को अंदर से गुलाब के फूलों से सजाया गया था। अंदर प्रवेश करते ही महक उठ रही थी। इस दौरान लोग खूबसूरत लहमों को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। लोगों ने कहा कि इस साल की गुरुद्वारे की रौनक देखते ही बन रही है। लोगों ने कई घंटे गुरुद्वारा परिसर में ही बैठकर बिताए। गुरुद्वारा कमेटी की ओर से विशेष तौर पर सुरक्षा एवं लोगों की सुविधा के लिए प्रबंध किए गए थे।
पूरा दिन रागी ढाडी जत्थे गुरु साहिब के जीवन पर प्रकाश डाल रहे थे। संगतों के लिए विशेष तौर पर आज दो लंगर चलाए गए थे। जलेबी, पकौडो, सूप और चाय का प्रसाद वितरित किया जा रहा था। इस दौरान एसजीपीसी के बलदेव सिंह कायमपुर एवं अवतार सिंह को सिरोपा देकर सम्मानित किया। सरदार रंजीत सिंह के मुताबिक गुरुद्वारे में लोगों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आज सीएम मनोहर लाल को भी मांगों का पत्र सौंपा, जिसमें पार्किंग एवं सराय के लिए जगह उपलब्ध करवाने की मांग की गई, सीएम ने भरोसा दिया कि गुरुद्वारे की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।
गुरु श्री गोबिंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर भक्ति में डूबा हरियाणा, देखें तस्वीरें