हरियाणा में सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करेंगी स्मृति ईरानी, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दिया पहला संदेश
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा प्रभारी स्मृति इरानी ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया ...और पढ़ें

हरियाणा बीजेपी प्रभारी स्मृति ईरानी। फाइल फोटो
HighLights
स्मृति इरानी हरियाणा भाजपा की नई प्रभारी बनीं।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देंगी।
जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ सक्रियता बनाए रखेंगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा की प्रभारी स्मृति ईरानी ने नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अपने पहले संदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल का संकेत दिया है।
हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, संवाद और सहयोग की भावना से काम करेंगी।
जमीनी स्तर पर लगातार सक्रियता बनाए रखने की जरूरत
हरियाणा के लिहाज से ईरानी के इस संदेश को संगठन के कामकाज की दिशा से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार में है। ऐसे में पार्टी के सामने सरकार के काम को संगठन और कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर लगातार सक्रियता बनाए रखने की जरूरत है।
ईरानी ने अपने बयान में जिस संवाद और समन्वय को प्रमुखता दी है, उसमें प्रदेश संगठन, सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संपर्क महत्वपूर्ण रहेगा।
महिला मोर्चा से लेकर केंद्र सरकार तक अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुकीं ईरानी के सामने हरियाणा में स्थानीय नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच संवाद को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी होगी।
उनका अनुभव राष्ट्रीय राजनीति और संगठनात्मक कामकाज के बीच तालमेल बनाने में उपयोगी हो सकता है। अब उनकी प्राथमिकता और कार्यशैली का वास्तविक असर प्रदेश संगठन की बैठकों और जमीनी गतिविधियों में दिखाई देगा।
