पहली बार CM आवास पहुंचीं स्मृति ईरानी, संत कबीर कुटीर में नायब सैनी की डिनर डिप्लोमेसी
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति इरानी और राष्ट्रीय मंत्री डॉ. भोला सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास पर मुलाकात की।

संत कबीर कुटीर में स्मृति इरानी और भोला सिंह का आत्मीय अभिनंदन।
HighLights
स्मृति इरानी और भोला सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की।
संत कबीर कुटीर में रात्रिभोज पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा।
भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास संत कबीर कुटीर में बृहस्पतिवार को आत्मीयता और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह पहली बार मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया गया।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान प्रदेश में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों, जनसेवा और आगामी रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए इसे विशेष अवसर बताया।
इस अवसर पर केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, महीपाल ढांडा और कृष्ण लाल पंवार सहित पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा तथा राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला मौजूद रहे। वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने इस मुलाकात को विशेष बना दिया।
मुलाकात के दौरान स्मृति इरानी ने पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। उनका कुशलक्षेम पूछने का यह आत्मीय भाव नेताओं के बीच आपसी जुड़ाव और संवेदनशीलता को दर्शाता है। बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, जनसेवा के कार्यों तथा पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
