गांव बुढ़नपुर पहुंचे विस अध्यक्ष के खिलाफ गार्बेज कलेक्टर एसोसिएशन ने की नारेबाजी
वीरवार दोपहर बाद गांव बुढ़नपुर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी की। गार्बेज कलेक्टर एसोसिएशन के प्रधान मंजू कुमार के नेतृत्व में शहर से कूड़ा उठाने वाले महिला-पुरुषों ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शोषण करने का आरोप लगाया।
जासं, पंचकूला : वीरवार दोपहर बाद गांव बुढ़नपुर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी की। गार्बेज कलेक्टर एसोसिएशन के प्रधान मंजू कुमार के नेतृत्व में शहर से कूड़ा उठाने वाले महिला-पुरुषों ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शोषण करने का आरोप लगाया। खास बात यह है कि पुलिस को इस बात की भनक नहीं लग पाई कि यह लोग विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने के लिए एकत्रित हुए हैं। जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष का काफिला गांव में पहुंचा, तो इन लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रधान मंजू कुमार ने कहा कि जैसे ही गार्बेज कलेक्टर ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी शुरू की, पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने रस्सी बांधकर इन लोगों को एक तरफ करने की कोशिश की। एसीपी अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस इन लोगों को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने विधानसभा अध्यक्ष को काले झंडे दिखाए। इस दौरान सड़क पर जाम भी लग गया। यह लोग अपना रोजगार वापस करने की मांग कर रहे हैं।