तुझे मजा चखाता हूं बोलकर चला दी गोली, युवक और बाउंसर घायल
कोको लाउंज बार कैफे सेक्टर-11 के बाहर एक युवक ने शनिवार रात अज्ञात युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : कोको लाउंज बार कैफे सेक्टर-11 के बाहर एक युवक ने शनिवार रात अज्ञात युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी। गोली चलाने वाला युवक और घायल युवक मौके से फरार हो गए। बाउंसरों ने जान बचाने के लिए आरोपित से पिस्टल छीन ली। इस दौरान बाउंस के हाथ में भी चोट लगी है। बाउंसर का उपचार चंडीगढ़ स्थित जीएमसीएच-32 में चल रहा है। पुलिस को दी शिकायत में बाउंसर नरेश शर्मा ने बताया कि वह सेक्टर-11 स्थित कोको कैफे में बाउंसर है। शनिवार रात डयूटी पर मौजूद था। सुबह करीब सवा चार बजे वह एंट्री काउंटर पर मौजूद था। उसी दौरान लुधियाना निवासी मोहित कैफे से बड़बड़ाते हुए बाहर निकला कि मैं तुझे अभी मजा चखाता हूं। इसके बाद वह गाड़ी के पास से वापस मुड़कर आया और पिस्टल निकालकर दूसरे अज्ञात युवक पर सीधी गोली चला दी। गोली युवक की टांग में जाकर लगी। उसके बाद फायर करने वाला युवक बाउंसर की तरफ फायर करते हुए कैफे में घुसने लगा। बाउंसर ने झुक कर अपनी जान बचाई और साथी बाउंसरों की मदद से उससे पिस्टल छीन ली। हाथापाई में नरेश शर्मा के बाएं हाथ में चोट लग गई। आरोपित मौके से फरार हो गया। घायल बाउंसर को सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। डाक्टर ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस को मौके से बरामद हुए दो खोल
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को मौके से दो खोल बरामद हुए हैं। पुलिस ने लाउंज बार में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे ले लिया है। पुलिस ने बाउंसर नरेश शर्मा की शिकायत पर मोहित के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
देर रात तक कैफे खोलने पर संचालक पर केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि कैफे का संचालक विनय कुमार करता है। जो चला गया था। कैफे चलाने का समय सरकार की ओर से रात दो बजे तक निर्धारित किया हुआ है। मौके पर निरीक्षक आबकारी विभाग मौका को भी बुलाया गया। संचालक ने निर्धारित समय के बाद कैफे को चलाकर सरकार के आदेशों की उल्लंघना की है। पुलिस ने संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।