Move to Jagran APP

लंदन में गूंजे गीता के अमर श्‍लोक, कर्म के संदेश से ओतप्राेत होगा ब्रिटिश संसद

ब्रिटेन के संसद में गीता के संदेश गूंजेंगे। लंदन में गीता जयंती समारोह का आगाज होगा और वहां के लोग कर्म के संदेश से प्रेरित होंगे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 09 Aug 2019 09:39 AM (IST)Updated: Fri, 09 Aug 2019 07:06 PM (IST)
लंदन में गूंजे गीता के अमर श्‍लोक, कर्म के संदेश से ओतप्राेत होगा ब्रिटिश संसद
लंदन में गूंजे गीता के अमर श्‍लोक, कर्म के संदेश से ओतप्राेत होगा ब्रिटिश संसद

लंदन, [बिजेंद्र बंसल]। गीता की अमर वाणी शुक्रवार को लंदन में भी गूंजी। यहां आज अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। लंदन के क्राउन प्‍लाजा होटल में गीता मनीषी स्‍वामी ज्ञानानंद महाराज के प्रवचन से महोत्‍सव का शुभारंभ हुआ। आज ही लंदन में ब्रिटिश संसद में कर्म का संदेश देने के लिए गीता के श्लोकों का उच्चारण होगा। अंतरराष्‍ट्रीय गीता जयंती महोत्‍सव यहां तीन दिन चलेगा।

loksabha election banner

लंदन में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज

लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स में तीन घंटे का गीता, कुरुक्षेत्र, कर्म और वैश्विक शांति के विषयों को समाहित करते हुए एक सेमिनार होगा। इसमें गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का व्याख्यान होगा। इससे पहले लंदन के क्राउन प्लाज़ा होटल में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद  महाराज के प्रवचनों से अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। इस अवसर पर कई अन्‍य गीता मनीषी और काफी संख्‍या में भारतीय व विदेशी मूल के लोग मौजूद थे।

लंदन के क्राउन प्‍लाजा में गीता जयंती महोत्‍सव का आगाज करते हुए स्‍वामी ज्ञानानंद महाराज।

समारोह में स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गीता भारत या भारत के मंदिरों तक सीमित न रहे, इसलिए अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती की परिकल्पना की गई। पिछले वर्ष मॉरिशस में गीता जयंती महोत्सव मनाया गया। इस बार लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों के लिए गीता गर्व और गौरव की बात है। लेकिन, हकीकत यह है कि भारतीय अपने गर्व और गौरव की पहचान सही समय पर नहीं कर पाए। अब अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के माध्यम से गीता का संदेश विश्‍व के कोने कोने तक पहुंचेगा।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के पदाधिकारियों सहित उद्योग मंत्री विपुल गोयल इस महोत्सव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा लेने लंदन पहुंचे हैं। राज्यपाल सत्य नारायण आर्य के प्रतिनिधि के रूप में उनके सचिव विजय दहिया और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा से 174 गणमान्य नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी इस महोत्सव का साक्षी बने हैं। प्रतिनिधिमंडल में सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, करनाल की महापौर रेणूबाला गुप्ता, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव विनोद भ्याना भी शामिल हैं।

लंदन के क्राउन प्‍लाजा में गीता जयंती महोत्‍सव में शामिल लोग।

पहले दिन लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स में गीता, कुरुक्षेत्र, वैश्विक शांति पर होगा व्याख्यान

केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन ने बताया कि महोत्सव की पूरी तैयारी कर ली गई है। पहले दिन लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स में सेमिनार के बाद शनिवार को यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के लॉगन हाल में भी गीता पर व्याख्यान होगा। रविवार को लंदन के साउथ आल में श्रीराम मंदिर में पहले सुबह यज्ञ होगा और इसके बाद गीता सद्भावना शोभायात्रा निकाली जाएगी।

महोत्सव में ब्रिटेन के प्रमुख गणमान्य नागरिकों सहित कई देशों के राजदूत, लंदन के दोनों सदनों के सदस्यों सहित बड़े उद्यमियों व शिक्षाविदों को भी आमंत्रित किया गया है। बता दें, इस महोत्सव में पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बतौर मुख्य अतिथि आना था, मगर वह अपनी केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ रूस यात्रा पर जाने के कार्यक्रम के कारण नहीं आ सके।

------------------

'' गीता भारत ही नहीं बल्कि विश्व का अलौकिक एवं प्रमाणिक ग्रंथ है। इसका प्रचार प्रसार पूरे विश्व में हो, इसके लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, हरियाणा सरकार और जीयो गीता संस्था ने संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का प्रारूप तैयार किया है। पिछले साल मॉरीशस में गीता जयंती महोत्सव का आयोजन हुआ था। इस बार लंदन में ब्रिटेन की सभी हिंदू संस्थाओं सहित काउंसिल ऑफ ब्रिटेन के सहयोग से गीता जयंती महोत्सव तीन दिन मनाया जा रहा। मुझे प्रसन्नता है कि भारत से भी इस महोत्सव में शामिल होने के लिए कई लोग अपनी व्यस्तताओं को छोड़कर लंदन पहुंच चुके हैं।

                                                                        - स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, संस्थापक, जीयो गीता।

-------

लंदन में निवेशकों को हरियाणा में निवेश का न्‍यौता देंगे

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल लंदन के बड़े उद्यमियों को राज्‍य में निवेश का न्योता देंगे। लंदन में वह इन्वेस्टर्स मीट कार्यक्रम में शामिल होकर निवेशकों से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ,उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह सहित एच एस आईआईडीसी के प्रबंध निदेशक नरहरिसिंह बांगड भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.