सेक्टर-2 चौक अब शहीद मेजर संदीप सांखला के नाम पर
सेक्टर-2 स्थित चौक अब शहीद मेजर संदीप सांखला के नाम से जाना जाएगा।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : सेक्टर-2 स्थित चौक अब शहीद मेजर संदीप सांखला के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-2 स्थित चौक पर मरणोपरांत अशोक चक्र विजेता शहीद मेजर संदीप सांखला की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद यह घोषणा की। उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अप्रित कर श्रद्धांजलि दी। उनके पिता कर्नल जेएस कंवर, माता मंजू कंवर, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पुलिस आयुक्त मोहित हांडा सहित कई अधिकारियों ने उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया। अब तक इस चौक पर केवल पार्क का निर्माण किया गया था, लेकिन अब इस पार्क में अशोक चक्र प्राप्त शहीद मेजर संदीप सांखला की प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने निगम के अधिकारियों को शहीद की प्रतिमा के चारों ओर ग्रिल, स्टेनलैस स्टील, बागवानी आदि का कार्य के भी निर्देश दिए। जिसपर लगभग सात लाख रुपये की राशि व्यय होगी। इस पार्क में प्रतिमा, फुटपाथ, झोपड़ी, बागवानी आदि के कार्य पर लगभग 14 लाख रुपये की राशि खर्च की गई। इसके अलावा उनके आश्रितों हेतू भी कई जनकल्याणकारी योजनाएं क्रियावित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ देकर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। 26 जनवरी 1992 को अशोक चक्र से किया गया था सम्मानित
शहीद मेजर संदीप सांखला का जन्म 30 जनवरी 1964 को हुआ। उच्च शिक्षा प्राप्त कर उन्हें 14 जून 1986 को कमीशन में स्थान मिला। वह 18 डोगरा रेजीमेंट में कार्यरत रहे। लगभग पांच साल की सेवा के दौरान आठ अगस्त 1991 को जम्मू कश्मीर के जफर खान गांव में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। मेजर संदीप ने उस दौरान नौ आतंकवादियों को मार गिराया और देश के लिए शहादत दी। उनकी इस शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसलिए भारत के राष्ट्रपति की ओर से उन्हें मरणोपरांत 26 जनवरी 1992 को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। यह रहे मौजूद
इस अवसर पर निगम आयुक्त महाबीर कौशिक, बिग्रेडियर किरण कृष्ण जयसवाल, प्रो. पीएस सांगा, कर्नल सबलोक, प्रो. कांसरा, कर्नल रमेश कंवर, कर्नल बबरवाल, नगर निगम के संयुक्त कमिश्नर संयम गर्ग, कार्यकारी अधिकारी नगर निगम जरनैल सिंह, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेंद्र मलिक, मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धाजंलि अर्पित की।