बिग बाॅस में हरियाणवी तड़का, सलमान संग सपना चौधरी ने लगाया ठुमका
टीवी रियलिटी शो में हरियाणवी तड़का देखने को मिलेगा। हरियाणवी गायिका और डांसर सपना चौधरी भी इस पर बिग बॉस के घर में पहुंची हैं। शो की शुरूआत पर उन्होंने सलमान खान संग धमाल मचाया।
जेएनएन, चंडीगढ़। अपने लटकों-झटकों से लाखों लोगों के दिलों पर राज करने वाली हरियाणवी डांसर सपना ने रविवार की रात बिग बाॅस शो में जमकर धमाल मचाया। बालीवुड अभिनेता सलमान के साथ शो में उनकी दमदार एंट्री हुई, इसके साथ ही अपने ठुमकों से उन्होंने हर किसी काे दीवानी बना दिया।
बिग बाॅस के प्रतिभागियों की सूची में सपना चौधरी का नाम सबसे नीचे था, लेकिन जब स्टेज पर उनकी एंट्री हुई तो सलमान खान भी खुद को डांस करने से नहीं रोक सके। सपना चौधरी एक रागिनी में आपत्तिजनक टिप्पणी से विवादों में आई थी। उनके पास भरपूर मसाला है। देखने वाली बात यह है कि विवादों से जुड़ी सपना बिग बॉस में कितना आगे तक जा पाती हैैं।
यह भी पढ़ें: वायरल हो रहा लंगाह का आपत्तिजनक वीडियो, जाखड़ ने कहा- इस पर रोक लगे
सलमान खान के इस शो में हमेशा ही विवादित कलाकारों की डिमांड रही है। फिलहाल दिल्ली के नजफगढ़ में रह रही सपना जब लाइव नाचती हैं तो लोग दीवाने हो जाते हैं। उनके डांस का यह नशा बिग बाॅस के शो में भी दिखाई दिया। सपना ने अपने हरियाणवी गीत ' रै छोरी तू सै बड़ी बिंदास' पर जमकर डांस किया। उनके पहले गाने 'सॉलिड बॉडी' ने ही उन्हें सुपरस्टार बना दिया था। इसके बाद एक के बाद एक गाने और बोल्ड डांसिंग मूव्स के जरिए वो सफलता हासिल करती गईं।
बिग बॉस में डांस करतीं सपना चौधरी।
संघर्ष की लंबी दास्तां है सपना चौधरी की
रोहतक के मध्यमवर्गीय परिवार में 25 सितंबर 1990 को जन्मी सपना ने 12 साल की उम्र में अपने पिता को खो दिया था। ऐसे में छोटे भाई-बहनों और मां की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। वह घर में बड़ी थीं इसलिए उन्होंने कुछ काम करने की ठानी। सिंगिंग और डांसिंग में अपना करियर बनाने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने दम पर परिवार को संभाला।
रागनी पर विवाद छिड़ा तो खुदकुशी की कोशिश भी की
पिछले साल गुरुग्राम के चक्करपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में सपना ने रागनी में दलित समाज पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जिसके बाद खूब बवाल मचा। सपना विवादों के घेरे में आ गईं और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा जहां अभी सुनवाई चल रही है। गुस्साए दलितों ने बाकायदा उनके खिलाफ फेसबुक पर अभियान भी छेड़ा, जिसमें खूब अभद्र कमेंट किए गए। हताशा में सपना ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की।
बिग बाॅस के घर में जाने से पहले सलमान ने सपना से पूछा, क्यों खाया था जहर
बिग बाॅस के घर में एंट्री से पहले सलमान खान ने सपना चौधरी से जहर खाने की वजह जाननी चाही तो सपना उनके सवाल को टाल गई। सपना के साथ डांस करने के बाद सलमान खान ने उनसे जहर खाने की वजह के बारे में पूछा तो जवाब में सपना चौधरी ने सिर्फ यही कहा कि भगवान की कृपा से उसकी जान बच गई है। इस प्रकरण के बाद मैंने बहुत कुछ सीखा है।
यह भी पढ़ें: शादी कर करता रहा शारीरिक शोषण, मन भरा तो दूसरी शादी की तैयारी में था पति
बता दें कि गुरुग्राम के चक्करपुर गांव में विवादित रागिनी गाने के मामले में उन पर केस कर दिया गया था। सपना चौधरी द्वारा बार-बार माफी मांगने के बावजूद विरोधी पक्ष उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अड़े हुए थे। इस प्रकरण में सपना चौधरी को अभी भी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।