गोल्डकोस्ट में हरियाणा के खिलाडियों का जलवा, एक ही दिन में जीते चार गोल्ड सहित सात पदक
राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडि़यों ने शनिवार को गोल्ड कोस्ट में पदकों की बारिश कर दी। राज्य के खिलाडि़यों ने आज चार स्वर्ण सहित सात पदक जीते।
जेएनएन, चंडीगढ़। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा खिलाडियों का जलवा जारी है। शनिवार को हरियाणा के खिलाडियों ने पदकों की बारिश कर दी। राज्य के खिलाडि़यों ने आज सात पदक जीते। चार खिलाडि़यों ने स्वर्ण पदक जीते तो एक ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। दो ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। यमुनानगर के संजीव राजपूत ने शूटिंग में गोल्ड मेडल जीता तो विेनेश फौगाट ने महिला कुश्ती में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पानीपत के नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो और रोहतक के सुमित मलिक ने कुश्ती में गाेल्ड मेडल पर कब्जा किया। कुश्ती आेलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कांस्य पदक जीता। साक्षी से स्वर्ण पदक की उम्मीद थी। अमित पंघाल ने बॉक्सिंग मे रजत आैर साेमबीर ने कुश्ती में कांस्य पदक जीेता।
संजीव राजपूत, विनेश फौगाट, नीरज चोपड़ा और सुमित मलिक ने जीते स्वर्ण पदक
यमुनानगर के जगाधरी के कल्याणनगर निवासी निशानेबाज संजीव राजपूत ने 50 मीटर शूटिंग में स्वर्ण पदक जीत लिया है। इससे पहले भी संजीव कई पदक अपने नाम कर चुके हैं। नौसेना में कार्यरत संजीव राजपूत दिल्ली में रहते हैं और अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। दो बार के ओलिंपियन राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशस में राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया।
जगाधरी में घर पर जश्न मनाते संजीव के पिता व अन्य परिजन।
37 साल के राजपूत ने 454.5 का स्कोर कर स्वर्ण जीता। वह क्वॉलिफिकेशन चरण में 1180 अंकों के साथ शीर्ष पर थे। भारत के चैन सिंह 419.1 का स्कोर कर पांचवें स्थान पर रहे। संजीव के स्वर्ण पदक जीेतने पर उनके जगाधरी स्थित घर पर जश्न का माहौल है। उनके परिजनों ने लोगों का मुंह मीठा कराया। संजीव के पिता कृष्णलाल राजपूत और माता ऊषा राजपूत बेटे की कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटे ने गर्व से सिर ऊंचा उठा दिया।
पदक जीतने के बाद ताऊ महाबीर फौगाट, ताई दया कौर और चचेरी बहन बबीता फौगाट।
विनेश फौगाट ने गोल्ड मेडल जीता
चरखी दादरी की विनेश फौगाट ने फ्री स्टाइल कुश्ती में 50 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा और फाैगाट परिवार का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में विनेश ने कनाडा की रेसलर जेसिका मेकडोनाल्ड को हराया। विनेश रिअो आेलंपिक में घायल हो जाने की वजह से पदक से वंचित रह गई थी। कॉमनवेल्थ गेम्स विनेश की चचेरी बहन बबीता फौगाट ने सिल्वर मेडल जीता है। विनेश के ताऊ और कोच भी उसके मुकावले के दौरान मौजूद थे।
कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल के लिए मुकाबले के दौरान विनेश फौगाट।
पानीपत के नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रचा इतिहास, जैवलिंग थ्रो में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय
हरियाणा के एक और खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने जैवलिंग थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। नीरज चोपड़ा के पानीपत के खंडरा गांव के रहने वाले हैं। नीरज की कामयाबी पर उनके गांव और पानीपत में जश्न का माहौल है। नीरज ने 86.47 मीटर की दूरी पर भाला फेंका। नीरज भाला फेंक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी है। नीरज से पहले कोई भी भारतीय खिलाड़ी जैवलिन थ्रो में कॉमनवेल्थ गेम भारत के लिए गोल्ड नहीं जीत सका था।
काॅमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पानीपत के नीरज चाेपड़ा परिवार के साथ। (फाइल फोटो)
रोहतक के खिलाडि़यों ने एक ही दिन में देश के दिलाए चार पदक
रोहतक के कराेड गांव के पहलवान सुमित मलिक ने पुरुषों के 125 किलो भारवर्ग फ्री स्टाइल कुश्ती में गोल्ड मेडल जीता। सुमित ने पाकिस्तान के तायब राजा को फ्री स्टाइल के 125 किलोग्राम इवेंट में हराया। सुमित ने यह मुकाबला 10-4 से जीता। सुमित की कामयाबी पर उनके गांव और रोहतक में जश्न का माहौल है।
पदक जीतने के बाद साक्षी मलिक।
उधर, आेलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने देश को कांस्य पदक दिलाया। साक्षी से स्वर्ण पदक की उम्मीद थी। साक्षी के पदक जीेतने पर रोहतक में खुशी है। शहर के खेलप्रेमियों का कहना था कि साक्षी से गोल्ड मेडल की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। फिर भी देश के लिए साक्षी के पदक जीतने पर उन्हें खुशी है।
रेसलर साक्षी मलिक ने महिलाओं की 62 किलो भार वर्ग फ्री स्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक अपने नाम किया। साक्षी ने न्यूजीलैंड की टेलर फोर्ड को मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया। साक्षी ने यह मुकाबला अपने मजबूत डिफेंस के दम पर 6-5 से जीता। राेहतक के अमित पंघाल ने बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल जीता। राेहतक जिले के ही सोमबीर ने कुश्ती में कांस्य पदक जीता।