श्रमिकों को बताए अधिकार, जजपा दिलवाएगी हक: सिहाग
लेबर चौक सेक्टर-17 में जननायक जनता पार्टी के जिला शहरी प्रधान ने हरियाणा सरकार के श्रम विभाग द्वारा मजदूरों एवं आश्रितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए बैठक की।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : लेबर चौक सेक्टर-17 में जननायक जनता पार्टी के जिला शहरी प्रधान ने हरियाणा सरकार के श्रम विभाग द्वारा मजदूरों एवं आश्रितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए बैठक की। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह द्वारा आदेश दिए गए थे कि सरकार की आमजन व गरीबों मजदूरों के लिए जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनको आम आदमी तक पहुंचाने के लिए जिला प्रधान व पार्टी के सभी पदाधिकारी पूरा प्रयास करें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का आम आदमी, गरीब, मजदूर व वंचित लोगों को फायदा मिल सके। ओपी सिहाग ने बताया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा यह कहा गया है कि जो महकमे उनके अधीन आते हैं, उनकी जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका प्रचार प्रसार किया जाए और लोगों को फायदे बताए जाएं। राजीव कॉलोनी व इंदिरा कॉलोनी के लोगों को दी गई जानकारी
जिला शहरी प्रधान ओपी सिहाग द्वारा हरियाणा भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं व स्कीमों के बारे में राजीव कॉलोनी व इंदिरा कॉलोनी के गरीब लोगों को अवगत करवाया गया और वह लोग इन योजनाओं का किस प्रकार फायदा उठा सकते हैं इस बारे में बताया गया। ओपी सिहाग ने बताया कि इस बोर्ड में जो अकुशल मजदूर हैं, वह रजिस्टर्ड हो सकते हैं। उनको, उनके बच्चों को जन्म से लेकर शिक्षा प्राप्त करने, किसी दुर्घटना में मजदूर की मृत्यु होने आदि की कुल 22 विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस बैठक में दोनों कॉलोनियों के बड़ी संख्या में मजदूरों ने हिस्सा लिया। जिला शहरी प्रधान ओपी सिहाग ने बताया कि दुष्यंत चौटाला और हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के गरीब लोगों, मजदूरों, छात्रों और युवाओं की भलाई करने के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर जननायक जनता पार्टी लेवल से जुड़े कर्मवीर बेदी, शंभू टेंट वाला राजा व पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी भारद्वाज, नरेंद्र जैन, सतवीर धनकड़ मौजूद रहे।