सरकार मेहरबान : दिव्यांग कर्मियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ी, तदर्थ जेबीटी हाेंगे पक्के
हरियाणा सरकार ने अपने कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सरकार ने दिव्यांग कर्मचारियों की सेवानिवृत की आयु दो साल ब़़ढ़ा दी है। इसके साथ ही तदर्थ 245 जेबीटी शिक्षक पक्के किए जाएंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा की मनोहर लाल सरकार राज्य के सरकारी कर्मचारियों पर खासा मेहरबान हो रही है। सरकार ने राज्य में दिव्यांग कर्मचारियों की सेवानिवृति आयु दो साल बढ़ी है। अब ऐसे कर्मचारी 58 वर्ष की उम्र की जगह 60 साल की आयु में सेवानिवृत होंगे। इसके साथ ही सरकार ने तदर्थ आधार पर कार्य कर रहे 245 जेबीटी शिक्षकों को पक्का करने का फैसला किया है।
58 के बजाय 60 साल में होंगे सेवानिवृत्त दिव्यांग कर्मचारी, पदोन्नति सहित मिलेंगी तमाम सुविधाएं
अपने कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाने से इनकार कर चुकी प्रदेश सरकार ने दिव्यांग कर्मियों को तोहफा दिया है। 70 फीसद से अधिक दिव्यांगता वाले कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति उम्र दो साल बढ़ाई गई है। अब ऐसे कर्मचारी 58 साल के बजाय 60 वर्ष की उम्र में रिटायर होंगे।
यह भी पढ़ें: नशे का सियासी डोप टेस्ट, कांग्रेस अौर आप के विधायकों ने कराई जांच, सीएम भी तैयार
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु वाले सभी निशक्तकर्मचारी वरिष्ठता-सह-मेरिट आधार पर पदोन्नति सहित अन्य सभी ऐसे लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे जो उन्हें 58 साल की आयु से पहले सेवाकाल के दौरान प्राप्त थे। इसके लिए हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियमों में बदलाव किया गया है। सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों तथा उपायुक्तों को लिखित आदेश जारी कर निशक्त कर्मचारियों को वे सभी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कहा गया है जिनके वे हकदार हैं।
तदर्थ आधार पर लगे 245 जेबीटी होंगे पक्के
मेरिट में होने के बावजूद तदर्थ आधार पर रखे गए नवचयनित जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेंड) शिक्षकों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वीना यादव और अन्य बनाम सरकार के बीच चल रहा केस डिसमिस होने के बाद 245 जेबीटी को पक्का करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: सुब्रह्मणम स्वामी के अटपटे बोल- राहुल गांधी डोप टेस्ट में हाेंगे फेल, लेेते हैं कोकीन
मौलिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को लिखित आदेश जारी किए हैं। वर्ष 2014 और 2015 की भर्ती प्रक्रिया में चयनित इन जेबीटी में 230 शिक्षक हरियाणा कैडर और 15 मेवात कैडर से हैं जिन्हें स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा जिन शिक्षकों ने अभी तक नौकरी ज्वाइन नहीं की है या फिर जो अपना जिला बदलवाना चाहते हैं उन्हें 9 जुलाई को निदेशालय बुलाया गया है।
हाई मेरिट के 193 नवचयनित जेबीटी को पक्का करने की फाइल शिक्षा निदेशालय ने तैयार कर रखी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की अप्रूवल मिलते ही 48 जेबीटी को पक्का कर दिया जाएगा। शेष 145 शिक्षकों को हस्ताक्षर के मिलान के बाद ही पक्की नौकरी का लेटर मिलेगा।
यह भी पढ़ें: जानें एेसा क्या हुआ कि युवक का शव का चिता से ले गई पुलिस
पात्र अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि अब भी 454 जेबीटी ऐसे हैं जिन्होंने अंगूठे के सैंपल नहीं दिए। इसके अलावा 949 जेबीटी का चयन हरियाणा कैडर और मेवात कैडर में हो रखा है। उन्होंने कहा कि ज्वाइन नहीं करने वाले जेबीटी की पात्रता रद कर अनुबंध आधार पर रखे गए शिक्षकों को पक्का किया जाए। इसी तरह दोनों कैडर में चयनित शिक्षकों का कोई एक कैडर फाइनल कर उनकी जगह दूसरे जेबीटी को समायोजित किया जाए।