राम रहीम मामले में पंचकूला कोर्ट में दो डॉक्टरों की गवाही पूरी, 17 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में गुरमीत राम रहीम मामले की सुनवाई हुई, जिसमें दो अभियोजन गवाहों, डॉ. गोपाल भारद्वाज और डॉ. संजय भड़ादा, की गवाही पूरी हुई।

डेरा प्रमुख राम रहीम (फाइल फोटो)
HighLights
पंचकूला कोर्ट में राम रहीम मामले की सुनवाई हुई।
दो अभियोजन गवाहों की गवाही पूरी की गई।
अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को निर्धारित की गई।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। गुरमीत राम रहीम व अन्य के खिलाफ चल रहे मामले में बुधवार को पंचकूला की विशेष सीबीआइ अदालत में सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से पेश दो गवाहों डॉक्टर गोपाल भारद्वाज और डॉक्टर संजय भड़ादा की गवाही पूरी हो गई।
डॉक्टर गोपाल भारद्वाज ने अदालत में स्वयं उपस्थित होकर, जबकि डॉक्टर संजय भड़ादा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही दर्ज कराई। सुनवाई के दौरान बताया गया कि बुधवार की तारीख अभियोजन पक्ष के साक्ष्य के लिए निर्धारित थी। दोनों गवाहों की गवाही पूरी होने के बाद अभियोजन पक्ष का कोई अन्य गवाह अदालत में मौजूद नहीं था।
इसके बाद सीबीआई और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने साक्ष्य के लिए 17 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 31 अक्टूबर 2026 की तारीखों का सुझाव दिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल कुमार यादव ने अगली सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तारीख तय की। अदालत ने सीबीआइ को निर्देश दिया कि रिकॉर्ड देखने के बाद एक तारीख पर कम से कम तीन गवाहों को पेश करने के लिए समन जारी किए जाएं।
अदालत के आदेश के अनुसार एक आरोपित को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुआ, जबकि दो अन्य आरोपित अदालत पहुंचे थे। तीनों आरोपित अभी जमानत पर हैं।
