मोदी सरकार की गलत विदेश नीति के चलते पड़ोसी देशों से संबंध हुए खराब : राजीव शुक्ला
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा बताते हुए मोदी सरकार पर पड़ोसी देशों के साथ संबंध खराब करने के आरोप जड़े। उन्होंने विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।
जेएनएन, चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा बताते हुए मोदी सरकार पर पड़ोसी देश चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल के साथ संबंध खराब करने के आरोप जड़े हैैं। शुक्ला ने कहा कि यूपीए की सरकार में पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध थे। मोदी सरकार की गलत विदेश नीति की वजह से संबंध खराब हुए हैैं।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर के साथ पत्रकारों से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा कि नक्सलवादी लगातार जवानों का मार रहे हैं और बार्डर पर पाकिस्तान की नापाक हरकतें बढ़ रही हैं। लेकिन भाजपा सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कश्मीर में हो रही पत्थरबाजी पर शुक्ला ने कहा कि आर्मी जो भी कदम उठा रही है, हम उसका समर्थन करते हैं। कांग्रेस सरकार के समय एक सिर के बदले दस सिर लाने का दावा करने वाले मोदी अब न जाने कहां बैठे हैैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणवी मेहमाननवाजी के कायल हुए न्यूजीलैंड के टॉप गेंदबाज काइल मिल्स
राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी हम सरकार के उम्मीदवार का इंतजार कर रहे हैैं। अगर सर्वमान्य उम्मीदवार आया तो समर्थन करेंगे, अन्यथा आगे की रणनीति तय होगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के साथ कोई सीरिज नहीं खलेंगे। केंद्रीय खेल मंत्री ने भी यही कहा है।
गंगा सफाई अभियान को फेल बताते हुए शुक्ला ने कहा कि देश भर से स्वच्छता अभियान के सैस का 10 हजार करोड़ रुपया इकट्ठा होता है, लेकिन स्वच्छता सिर्फ विज्ञापन में दिखती है। उन्होंने कहा कि गाय की हत्या के खिलाफ कांग्रेस भी है, लेकिन कुछ लोग इसे मुद्दा बनाकर राजनीति करते हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा मेंं अब भाजपा का फोकस गांवों पर, विकास में अाएगी तेजी
हरियाणा कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है और लोकतंत्र में कई बार नेताओं के बीच मतभेद हो जाते हैं। लेकिन भाजपा के मंत्री तो पहले दिन से ही आपस में लड़ रहे हैैं। इससे पहले कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता कुलदीप सोनी, कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी, पंकज पुनिया तथा मनवीर कौर गिल ने राजीव शुक्ला तथा डा. अशोक तंवर का अभिनंदन किया।