कल का मौसम: हरियाणा में आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश, कई जिलों में ओले गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने हरियाणा में धान की कटाई के बीच फिर से बारिश की आशंका जताई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
-1791989531669_m.webp)
हरियाणा में कल बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
HighLights
धान कटाई के बीच बारिश की आशंका से किसान चिंतित।
मंडियों में खुले धान की गुणवत्ता पर पड़ सकता है असर।
प्रशासन ने तिरपाल व्यवस्था और सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
डिजिटल डेस्क, पंचकूला। धान की फसल कटाई के सीजन के बीच मौसम खलल डाल रहा है। रविवार को हुई हल्की वर्षा के कारण जहां खेतों में फसल कटाई का काम बाधित हुआ था। वहीं, मंडियों में पड़े धान में नमी बढ़ गई थी।
किसान फड़ पर धान के ढेरों को बिखरा कर सुखाने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि नमी घटकर 17 प्रतिशत तक आए और एमएसपी पर खरीद हो। लेकिन मौसम विभाग ने वीरवार को फिर वर्षा की आशंका जताई है। जिससे किसानों की दोबारा चिंता बढ़ गई है।
कल बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की जारी चेतावनी के अनुसार कल (15 अक्टूबर) को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, कई जिलों में ओले गिरने की भी संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बता दें कि हरियाणा की मंडियों में लाखों क्विंटल धान खुले में पड़ा है। वर्षा में धान भीगा, तो नमी बढ़ने के साथ ही गुणवत्ता पर भी असर पड़ेगा। वहीं जो धान एजेंसियों ने खरीद कर बैगों में भरा हुआ है, लेकिन मंडियों से उठान नहीं हुआ है।
अगर बैगों में धान भीगता है, तो उसका नुकसान आढ़तियों को भुगतना होगा। वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रशासन की तरफ से आढ़तियों को तिरपाल की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि खुले में पड़ी फसल ना भीगे।
वहीं, किसानों से भी आह्वान किया गया है, मंडी में फसल लाते समय मौसम का ध्यान रखें। वर्षा होने की स्थिति में मंडी में फसल लेकर न आएं।
