आधा से एक मरला झुग्गी का प्रॉपर्टी टैक्स डेढ़ लाख रुपये
लोगों को नगर निगम द्वारा एक से डेढ़ लाख रुपये के नोटिस थमा दिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : राजीव एवं इंदिरा कॉलोनी में आधा से एक मरला जमीन पर रहने वाले कई लोगों को नगर निगम द्वारा एक से डेढ़ लाख रुपये के नोटिस थमा दिए गए हैं। मंदी के मौसम में अचानक आए नोटिस से लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पहले तो निगम द्वारा अवैध तौर पर बैठे फड़ी वालों को हटा दिया जिसमें अधिकतर कॉलोनियों में रहते है जिससे उनका रोजगार बंद हो गया और उसके बाद अब नोटिस थमा दिए गए। अब कॉलोनी वालों में हाहाकार मच गया है। शुक्रवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने यह टैक्स के नोटिस बांटे। 35 साल में पहली बार इन कॉलोनियों को प्रॉपर्टी टैक्स का नोटिस दिया गया है। कॉलोनी वालों को चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय पर टैक्स जमा नहीं करवाया तो 15 प्रतिशत अधिक राशि वसूली जाएगी। कॉलोनी अवैध तो टैक्स किस चीज का
इंदिरा और राजीव कॉलोनी निवासी हुकम चंद को 11 हजार 926 रुपये, सोमनाथ को एक लाख 37 हजार 375 रुपये, राम सिंह को एक लाख 13 हजार 889, चाय विक्रेता सीता देवी को 17 हजार 486 रुपये, गोपाल को 11 हजार 100 रुपये, नसीर सिंह 92 हजार 711 रुपये, मनोज कुमार को एक लाख रुपये का नोटिस दिया गया है। इन लोगों का कहना है कि जब यह नगर निगम इस कॉलोनी को अवैध बताते हुए कोई सुविधा नहीं दे सकता तो टैक्स किस नाते मांग रहा है। यदि नगर निगम के पास पावर है तो हमें पक्का करने के लिए फाइल सरकार को भेजे। जब कॉलोनी वालों ने कर्मचारी से टैक्स नोटिस के बारे में पूछा गया तो उसने उल्टा जवाब देते हुए कहा कि हम आपके नाम पर रजिस्ट्री करवा देंगे। जिस पर लोग भड़क गए। लोग बोले : सब गुप्ता के इशारे पर हो रहा
राजीव इंदिरा लेबर वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव डॉ. रामप्रसाद ने बताया कि यह सब कुछ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के इशारे पर हो रहा है क्योंकि उन्हें कॉलोनी से इस बार वोट कम पड़े और वह अधिकारियों के माध्यम से कॉलोनी के लोगों को तंग करना चाहते हैं। कॉलोनी में आज तक कोई सुविधा जैसे स्ट्रीट लाइट, सफाई, गलियों का निर्माण, नालियों का निर्माण नहीं किया। अब वसूलने के लिए नोटिस थमा दिए गए हैं। लोगों की चेतावनी : धरना देंगे
पूर्व पार्षद हरेंद्र सैनी ने कहा कि गरीब लोगों को तंग करने के लिए नोटिस दिए गए हैं। पिछले कई साल से गरीब लोग बड़ी मुश्किल से अपना गुजर बसर कर रहे थे लेकिन पहले तो उन्हें सड़कों एवं फुटपाथों से हटाकर बेरोजगार कर दिया गया। इतने में भी नगर निगम को संतुष्टि नहीं मिली तो अब प्रॉपर्टी टैक्स के नोटिस भेजकर तंग किया जा रहा है जोकि अन्यायपूर्ण है। सैनी ने कहा कि यदि प्रॉपर्टी टैक्स के नोटिस वापस नहीं लिए तो विधानसभा अध्यक्ष के घर के बाहर धरना देंगे। सुविधा लेने वालों से लेंगे टैक्स : सुमेधा
नगर निगम प्रशासक सुमेधा कटारिया के अनुसार टैक्स सभी से वसूला जाएगा जो भी लोग की सुविधाएं लेते हैं। शहर की सड़कों, बिजली, पानी इत्यादि का प्रयोग करते हैं, उनसे टैक्स वसूला जाता है। कॉलोनियों से भी टैक्स लिया जाएगा। पिछले 10 से 12 दिनों में लगभग दो करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स एकत्रित हो चुका है। रविवार को भी सेक्टर चार में टैक्स लेंगे। लोगों से अपील है कि अधिक से अधिक टैक्स जमा करवाएं।