Move to Jagran APP

हरियाणा में लोकसभा और विस चुनाव साथ कराने की तैयारी, आयोग की हलचल बढ़ी

हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की तैयारी चल रही है। सरकार के इन्‍कार के बावजूद चुनाव आयोग की हलचल इसका साफ संकेत कर रही है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Wed, 04 Jul 2018 09:34 AM (IST)Updated: Wed, 04 Jul 2018 11:57 AM (IST)
हरियाणा में लोकसभा और विस चुनाव साथ कराने की तैयारी, आयोग की हलचल बढ़ी
हरियाणा में लोकसभा और विस चुनाव साथ कराने की तैयारी, आयोग की हलचल बढ़ी

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा भले ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव समय पर होने का दावा कर रही, लेकिन राज्य चुनाव आयोग लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ होने की संभावना के मद्देनजर तैयारी कर रहा है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) राज्यों में भेजनी शुरू कर दी है। हरियाणा में भी कुछ ईवीएम पहुंची हैैं।

loksabha election banner

हरियाणा में 23,500 कंट्रोल यूनिट और 47, 000 बैलेट यूनिट मंगाई गई

हरियाणा निर्वाचन आयोग को लग रहा कि प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के निर्देश मिल सकते हैैं। इसलिए उसकी तैयारियां भी इसी तरह की हैैं। सरकारों के कार्यकाल के हिसाब से लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई 2019 और विधानसभा चुनाव अक्टूबर-2019 में प्रस्तावित हैैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने दोनों चुनाव एक साथ होने का संकेत कई बार दिया, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह चुनाव समय पर होने का दावा किया है। इसके बावजूद राज्य के प्रमुख विपक्षी दल इनेलो, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चुनाव एक साथ होने की संभावनाएं जताते हुए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैैं।

राज्य चुनाव आयोग ने की तैयारी शुरू, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें पहुंची चंडीगढ़

प्रदेश के समस्त राजनीतिक दल फील्ड में उतर चुके हैैं। हरियाणा निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अंकुर गुप्ता के अनुसार, राज्य चुनाव आयोग भी लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने को लेकर तैयार है। सभी राज्यों में ईवीएम पहुंचनी शुरू हो गई हैैं। हरियाणा में 23,500 कंट्रोल यूनिट मंगाई गई हैैं। चुनाव के लिए 47,000 हजार बैलेट यूनिटस भी मंगाई गई हैैं।

यह भी पढ़ें: गुरमीत राम रहीम की जेल में थी गैंगवार की तैयारी, कैदियों ने बनाए अनोखे ह‍थियार

अंकुर गुप्ता के अनुसार हरियाणा में बेंगलुरु से ईवीएम पहुंच रही हैैं। राज्य में दोगुणा संख्या में बैलेट यूनिट मंगवाई गई हैैं। एक चुनाव  के लिए ईवीएम की एक कंट्रोल यूनिट के साथ एक ही बैलेट यूनिट होती है। हरियाणा में कंट्रोल यूनिट की तुलना में डबल बैलेट यूनिट मंगवाई गई हैैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि यदि राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते हैैं तो राज्य चुनाव आयोग को कोई दिक्कत नहीं है। जिस तरह के भी आदेश केंद्रीय चुनाव आयोग से मिलेंगे, उसे पूरा करने के लिए राज्य चुनाव आयोग तैयार है।

हरियाणा का चुनावी परिदृश्य - एक नजर में

1. कुल आबादी - 2,53, 51,462 (2011 की जनगणना के अनुसार)

2. लोकसभा - 10 (आठ सामान्य और दो सुरक्षित)

3. विधानसभा - 90 (73 सामान्य और 17 सुरक्षित)

4. पोलिंग स्टेशन - 17046

5. कुल मतदाता - 1,72,43,409

6. शासकीय सेवारत मतदाता - 1,01,062

7. लोकसभा चुनाव 2014 - 71.86 प्रतिशत फीसद

8. विधानसभा चुनाव 2014 - 76.54 फीसद मतदान

-------

'राज्य चुनाव आयोग को निर्देशों का इंतजार'

'' इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें आनी शुरू हो गई हैैं। बैलेट यूनिट्स भी मंगवाई गई हैैं। केंद्रीय चुनाव आयोग से यदि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने के निर्देश मिलते हैैं तो राज्य चुनाव आयोग इसके लिए तैयार हैैं।

                                                                           - अंकुर गुप्ता, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा।

------

' चाहे आज हो जाएं चुनाव हम तैयार'

 '' हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव कब होंगे, यह तो सरकार बताएगी, लेकिन कांग्रेस इनके लिए पूरी तरह से तैयार है। जनता सत्तारूढ़ दल को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है और चुनाव का इंतजार कर रही है। चुनाव चाहे कल ही हो जाएं, हम तैयार हैैं।

                                                                                         - भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री, हरियाणा।

-------

' सरकार तुरंत चुनाव की घोषणा करे'

''लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हो सकते हैैं। इसमें कोई दो राय नहीं है। इनेलो-बसपा गठबंधन चुनाव के लिए तैयार है। सरकार को देर नहीं करनी चाहिए और चुनाव की घोषणा करनी चाहिए।

                                                                                   - अशोक अरोड़ा,  प्रदेशाध्यक्ष, इनेलो, हरियाणा।

------

यह भी पढ़ें: महिला क्रिकेट कप्‍तान हरमनप्रीत कौर पर बड़ा खुलासा, गंवा सकती हैं DSP की नौकरी

'चुनावी मात के लिए तैयार रहें विपक्षी दल'

'' चुनाव को लेकर सरकार बार-बार स्थिति साफ कर चुकी है। चुनाव समय पर होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल कई बार इस बारे में बता चुके हैैं। विपक्षी राजनीतिक दलों खासकर गठबंधन की राजनीति करने वालों को इस बार भी मात मिलेगी।

                                                                                - राजीव जैन, मीडिया सलाहकार, सीएम, हरियाणा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.