सीएमओ में फिर बदलाव की तैयारी, साधा जाएगा अफसरों का जातीय संतुलन
हरियाणा सरकार ने हाल ही में मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ा बदलाव किया है। सीएमओ में एक बार फिर बदलाव की तैयारी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में एक बार फिर बदलाव करने की तैयारी हो रही है। चुनावी वर्ष में सरकार सीएमओ में भी ऐसे अफसरों की एंट्री करना चाह रही है जो जातीय समीकरणों पर खरा उतरते हुए सरकार के काम आ सकें। हाल ही में नियुक्त एक महिला अधिकारी के स्थान पर किसी नए अधिकारी को एंट्री दिलाई जा सकती है।
हरियाणा सरकार ने हाल ही में मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ा बदलाव किया है। करीब चार साल से सीएमओ में काम कर रहे अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. राकेश गुप्ता और उप प्रधान सचिव मनदीप सिंह बराड़ को हटाकर सीनियर आइएएस वी उमाशंकर और आशिमा बराड़ को नियुक्तियां दी गई हैं। मनदीप सिंह बराड़ चंडीगढ़ के डीसी बन चुके हैं, जबकि राकेश गुप्ता को सुशासन सहयोगी परियोजना का प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया है।
सीएमओ में हर साल कोई न कोई बड़ा बदलाव होता रहा है। अभी तक नौ अधिकारियों व राजनीतिक लोगों को सीएमओ से बदला जा चुका है। राकेश गुप्ता के स्थान वी उमाशंकर को अतिरिक्त प्रधान सचिव और मनदीप सिंह बराड़ के स्थान पर आशिमा बराड़ को सीएम का उप प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। उप प्रधान सचिव आशिमा बराड़ को सीएम कार्यालय से बदलने की चर्चाएं हैं। बराड़ पंचकूला की डीसी भी रह चुकी हैं।
आशिमा बराड़ के स्थान पर मार्केटिंग बोर्ड के एक अधिकारी को सीएमओ में एंट्री देने की तैयारी है। यह अधिकारी मंत्रियों के साथ कई बार विदेश दौरा कर चुका है। विभिन्न मंत्रियों के यहां उनकी लगातार हाजिरी लग रही है। चुनावी साल में जाट समुदाय को प्रतिनिधित्व देने के लिए सीएमओ में नई एंट्री होने वाली है। चंडीगढ़ के डीसी रह चुके अजीत बालाजी जोशी की भी हरियाणा में वापसी हो चुकी है। राज्य सरकार उन्हें भी नई नियुक्ति देने की तैयारी में है। चंडीगढ़ के डीसी के तौर पर अजीत बालाजी जोशी का काम सराहनीय रहा है।