पदक जीतकर लौटे हरियाणा के खिलाडिय़ों पर सियासत, हुड्डा का सरकार पर निशाना
हरियाणा में राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाडि़यों को सम्मानित किए जाने को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाडि़यों को सम्मानित किए जाने को लेकर राज्य में राजनीति शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इन खिलाडिय़ों को उचित सम्मान राशि और रोजगार देने की मांग सरकार से की है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा के शासन में एक भी खिलाड़ी को सरकारी नौकरी नहीं दी गई है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एचसीएस और एचपीएस सहित अन्य सरकारी सेवाओं में योग्यता के अनुसार खिलाडिय़ों को नौकरियां मिलेंगी।
हुड्डा ने कहा सभी खिलाडिय़ों को उचित सम्मान और वाजिब नौकरी दे सरकार
हरियाणा के 22 खिलाडिय़ों ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीते हैैं, जो कि देश के हिस्से में आए 66 पदकों का एक तिहाई हैैं। इसके साथ ही राज्य सरकार इस उपलब्धि को जोर शोर के साथ कैश करेगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि सभी 22 खिलाडिय़ों को चंडीगढ़ बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। सभी पदक विजेता खिलाडियों को सरकार की घोषणा के अनुरूप नौकरी मिलेगी।
दुनिया में नहीं हरियाणा का मुकाबला : मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि हरियाणा खिलाडिय़ों का प्रदेश है। हरियाणा की जनसंख्या भारत की जनसंख्या का मात्र दो प्रतिशत भले ही हो, लेकिन कॉमनवेल्थ खेलों में मिलने पदकों में यहां के खिलाडिय़ों का योगदान 33 फीसद रहा है।
यह भी पढ़ें: पदक विजेताओं को पलकों पर बैठाएगी हरियाणा सरकार, इनामों की बारिश
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा ऐसा प्रदेश है, जो ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये, रजत पदक पर चार करोड़ और कांस्य विजेता को 2.5 करोड़ रुपये का ईनाम देता है। राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं की यह राशि डेढ़ करोड़, 75 लाख और 50 लाख रुपये है।
साढ़े तीन साल में मनोहर सरकार ने एक भी खिलाड़ी को नौकरी नहीं दी : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेता खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब सरकार की बारी है। वह खिलाडिय़ों को उचित सम्मान तथा रोजगार दे, क्योंकि साढ़े तीन साल में एक भी खिलाड़ी को भाजपा सरकार ने कोई रोजगार नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि हमने अपनी सरकार में करीब 700 खिलाडिय़ों को रोजगार दिए थे।
खिलाडिय़ों के प्रति संवेदनशील नहीं भाजपा सरकार : किरण
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी का कहना है कि खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के लिए भाजपा सरकार संवेदनशील नहीं है। उन्हें समय से पुरस्कार राशि नहीं मिलती। खिलाडिय़ों के नौकरी व पुरस्कार राशि के लिए कई कई चक्कर कटवाए जाते हैैं। उन्होंने भी कहा कि भाजपा सरकार ने एक भी खिलाड़ी को आज तक नौकरी नहीं दी है।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ के गोल्डमेडलिस्ट अनीश का एक और इम्तिहान, 10वीं का पेपर देने पहुंचे