विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे पुलिस मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

Published: Tue, 13 Oct 2026 12:43 AM (IST)

पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे सोमवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो ...और पढ़ें

पंचकूला में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

पंचकूला में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

  2. बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, घायल हुए।

  3. दो पिस्टल और कारतूस बरामद, आपराधिक रिकॉर्ड की जांच।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे सोमवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और रुकने का इशारा करने पर तीन से चार राउंड फायर किए।

जवाबी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 की टीम की गोली दोनों के पैरों में लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मौके से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं।

वारदात की फिराक में होने की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक पंचकूला में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान दोनों ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे वाली सड़क पर दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए।

अमृतसर के रहने वाले हैं दोनों युवक

पुलिस ने दोनों की पहचान अमृतसर निवासी जगराज और अर्शदीप के रूप में की है। दोनों के कब्जे से पिस्टल और कारतूस मिलने के बाद पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों पंचकूला में किस वारदात को अंजाम देने आए थे और उनके पास हथियार कहां से पहुंचे।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और बरामद हथियारों से जुड़े तथ्यों के आधार पर की जाएगी।