Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'इंडिया गेट की तरह यमुना रिवर फ्रंट को सुंदर बनाएंगे PM मोदी', CM नायब बोले- प्रदूषण रोकने को कई नीतियों पर होगा काम

    Updated: Sun, 09 Feb 2025 05:11 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यमुना रिवर फ्रंट को इतना सुंदर बनाने का संकल्प लिया है कि लोग कर्तव्य पथ और इंडिया गेट के साथ-साथ वहां घूमना पसंद करेंगे। प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम होगा। इसके लिए मेट्रो सेवाओं में बढ़ोतरी होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने सहित कई योजनाओं को धरातल पर लागू किया जाएगा।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री नायब सैनी बोले- कर्तव्य पथ व इंडिया गेट के साथ-साथ यमुना रिवर फ्रंट पर भी घूमेंगे लोग।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने से उत्साहित हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के युवाओं को इंजीनियर और डॉक्टर बनाने के सपने दिखाए थे, लेकिन इन सपनों को पूरा करने की बजाय उन्होंने वहां शराब की दुकानें खोल दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा को दिल्ली की जनता ने बड़ा जनादेश दिया है। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों पर अपनी सहमति की मुहर लगाई है। अब दिल्ली की जनता भी पूरी मजबूती से विकसित भारत के साथ कदमताल करेगी।

    'यमुना के पानी को स्वच्छ रखने में दिल्ली सरकार कामयाब नहीं'

    मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपनी कैबिनेट के एक दर्जन मंत्रियों के साथ दिल्ली राज्य की करीब एक दर्जन विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया था, जिसमें से 10 विधानसभा सीटें भाजपा विधायकों ने जीती हैं।

    दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने के आरोपों के बाद नायब सैनी सिर पर यमुना के पानी का भरा मटका लेकर लोगों के बीच जाए और पानी का आचमन कर उन्हें बताया कि हरियाणा की ओर से सही पानी दिल्ली में भेजा जा रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार उस पानी को स्वच्छ रखने में कामयाब नहीं हो पाई है।

    'दिल्ली में लागू होंगी मोदी की नीतियां'

    मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यमुना रिवर फ्रंट को इतना सुंदर बनाया जाएगा कि लोग कर्तव्य पथ व इंडिया गेट के साथ-साथ वहां घूमना पसंद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना को स्वच्छ करने व उसके सौंदर्यीकरण की बात कही है। प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर तीव्र गति से काम होगा।

    इसके लिए मेट्रो सेवाओं में बढ़ोतरी होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने सहित कई योजनाओं पर को धरातल पर लागू किया जाएगा। मोदी की नीतियां दिल्ली में लागू होंगी। लोगों को आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा।

    'पंजाब की जनता भी आप-दा को सत्ता से बाहर करेगी'

    दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार में जुटे हरियाणा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए नायब सैनी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने एक कुशल संगठनकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को झूठ बोलकर लोगों को बहकाने वाले नेता अरविंद केजरीवाल से छुटकारा मिल गया है।

    अरविंद केजरीवाल ने लोगों से झूठे वादे कर विकास के सब्जबाग दिखाए थे, मगर उन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। यमुना नदी को 2025 तक स्वच्छ करने के बार-बार सपने दिखाए और जब वे इसे पूरा नहीं कर पाए तो हरियाणा पर नदी में जहर मिलाने तक के झूठे आरोप लगा दिए।

    दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को सत्ता से बाहर कर उनके झूठे वादों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता भी आप-दा पार्टी को इसी तरह सत्ता से बाहर करेगी।

    'इंडी गठबंधन की भी दुकान बंद हो गई'

    मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सड़कों को पेरिस जैसी बनाने का वादा किया था लेकिन जब मैं चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर गया तो वहां घंटो जाम व टूटी हुई सड़कों के अलावा कुछ नहीं मिला।

    यमुना नदी की तरफ भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे गरीब के बच्चों को डाक्टर व इंजीनियर बनाएंगे लेकिन इसके विपरीत उन्होंने जगह-जगह शराब के ठेके खोलने का काम किया। कांग्रेस की हार पर चुटकी लेते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी तीसरी बार जीरो पर आउट हुई है। यह कांग्रेस की हैट्रिक है।

    इंडी गठबंधन का अब कोई भविष्य नहीं है और दिल्ली चुनाव के साथ ही उनकी दुकान भी बंद हो गई है। अन्ना हजारे जी के मंच से निकले अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली की जनता ने विश्वास कर लिया था कि वह ईमानदारी से काम करेंगे, लेकिन मलाई तो केजरीवाल ही खा गए।

    कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली शामिल हुए।

    यह भी पढ़ें- 'हेलो हुड्डा साहब...', दिल्ली रिजल्ट के बाद PM मोदी ने भूपेंद्र हुड्डा से की मुलाकात; बोले- मिलने आइए कभी