कुट्टू के आटे पर खाद्य विभाग की नजर, पिछले साल हरियाणा में 120 लोगों की बिगड़ी थी तबीयत; नवरात्र में कैसे करें पहचान?
हरियाणा खाद्य सुरक्षा विभाग नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे और व्रत की अन्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाएगा।

नवरात्रि व्रत में कुट्टू के आटे पर खाद्य विभाग की नजर। फाइल फोटो
HighLights
खाद्य विभाग नवरात्र में कुट्टू आटे की जांच करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
पिछले साल कुट्टू आटे से कई लोग बीमार हुए थे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे और व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा में खाद्य सुरक्षा विभाग निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दुकानों की नियमित जांच करने, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और गड़बड़ी मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
त्योहारी सीजन में कुट्टू के आटे की मांग बढ़ने के साथ इसकी गुणवत्ता को लेकर चिंता भी बढ़ जाती है। गत वर्ष अप्रैल में नवरात्र के दौरान अंबाला और यमुनानगर जिलों में कुट्टू के आटे और सामक के चावल से तैयार भोजन खाने के बाद 120 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबरें आई थीं।
इनमें यमुनानगर के सढ़ौरा क्षेत्र के 93 और अंबाला के 27 लोग शामिल बताए गए थे। प्रभावित लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संदिग्ध आटे के नमूने लेकर जांच शुरू की थी।
खाद्य विभाग ने की खास अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त डा. मनोज कुमार ने फील्ड अधिकारियों को कुट्टू के आटे और व्रत की अन्य खाद्य सामग्री बेचने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुराना, नमी वाला, बदबूदार या फफूंद लगा आटा खाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द, मितली और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
खाद्य विभाग ने लोगों से सीलबंद पैकेट खरीदने और उस पर एफएसएसएआइ लाइसेंस नंबर, पैकिंग तिथि, बैच नंबर व उपयोग की अंतिम तिथि जांचने की अपील की है। आटे में असामान्य गंध, रंग में बदलाव, गांठ या कीड़े दिखें तो उसका इस्तेमाल न करें।
आटे को सूखी और साफ जगह पर रखें तथा उससे बने व्यंजन अच्छी तरह पकाकर खाएं। सेवन के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या चक्कर आने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
