विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर बैठे कमाई और गोवा टूर का सपना...झांसे में आई पंचकूला में युवती, गंवा बैठी 3.97 लाख

Published: Sat, 12 Sep 2026 01:54 PM (IST)

पंचकूला में एक युवती को घर बैठे कमाई और गोवा टूर का लालच देकर 3.97 लाख रुपये ठग लिए। आरोपितों ...और पढ़ें

झांसे में लेकर युवती के साथ ठगी। (एआई जनरेटेड फोटो)

झांसे में लेकर युवती के साथ ठगी। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. 1.50 लाख रुपये निवेश करने पर टूर मिलेगा।

  2. महीने बाद निवेश की रकम मुनाफे के साथ वापस।

  3. मोबाइल फोन में दो एप डाउनलोड करवाए।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। घर बैठे कमाई के साथ गोवा घूमने का लालच एक युवती को भारी पड़ गया। कंपनी में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने और 1.50 लाख रुपये निवेश करने पर गोवा टूर मिलने का झांसा देकर आरोपितों ने उससे 3.97 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2026 में युवती चंडीगढ़ में अपनी मां और भाई के पास रहने गई थी। कुछ समय के लिए वह पंचकूला में रिश्तेदार के घर आई थी। वहां उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला ने उसे घर बैठे पैसे कमाने की योजना बताई और एक कंपनी में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिया।

महिला ने युवती के मोबाइल फोन में दो एप डाउनलोड करवाए और बताया कि इनमें डाॅलर लगाने पर रकम दोगुनी हो जाएगी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में विभिन्न मोबाइल नंबरों पर गूगल-पे के माध्यम से रकम भिजवाई गई। युवती के अनुसार, उसने कुल 3.97 लाख रुपये निवेश कर दिए।

महिला ने युवती को गोवा टूर का लालच देते हुए कहा कि 1.50 लाख रुपये लगाने पर टूर मिलेगा और एक महीने बाद निवेश की रकम मुनाफे के साथ वापस कर दी जाएगी। इसके बाद उसने रेखा नाम की महिला की बात मुकुल और विकास से करवाई। दोनों भी रकम लौटाने और मुनाफा देने का भरोसा देते रहे।

जब युवती ने गोवा टूर और मुनाफे के बारे में पूछा तो आरोपित टालमटोल करने लगे। बाद में विकास ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सभी ने मिलीभगत कर निवेश के नाम पर उससे 3.97 लाख रुपये की ठगी की।