वर्क फ्राॅम होम का दिया लालच पंचकूला की महिला गंवा बैठी लाखों रुपये, टास्क-निवेश के नाम पर रकम ट्रांसफर
पंचकूला की एक महिला वर्क फ्रॉम होम के लालच में साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने ऑनलाइन रेटिंग ...और पढ़ें

साइबर ठगों के बुने जाल में फंसी महिला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
महिला से 2.71 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
ठगों ने कमीशन देकर अपने जाल में फंसाया।
साइबर क्राइम पुलिस थाने में केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। वर्क फ्राॅम होम का झांसा देकर साइबर ठगों ने महिला से 2.71 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने शुरुआत में होटल और रेस्टोरेंट को ऑनलाइन रेटिंग देने का टास्क दिया और इसके बदले कमीशन देकर महिला को अपने जाल में फंसाया।
बाद में अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर उससे लगातार रकम ट्रांसफर करवा कर दो लाख 71 हजार रुपये की ठगी कर ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सेक्टर-18 निवासी पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, महिला से कुल 2.71 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस मामले में संबंधित बैंक खातों व यूपीआइ आइडी की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, महिला ऑनलाइन वर्क फ्राॅम होम की नौकरी तलाश रही थी। इसी दौरान उसे एक लिंक मिला, जिसके जरिए वाट्सएप पर संपर्क किया गया।
आरोपितों ने गूगल मैप पर रेस्टोरेंट को फाइव स्टार रेटिंग देने के बदले 200 रुपये दिए। इसके बाद टेलीग्राम पर टास्क देने लगे। शुरुआत में महिला को निवेश के बदले कमीशन और बोनस भी मिला। इससे भरोसा होने पर उसने अलग-अलग ऑनलाइन और बैंक खातों में रकम भेजनी शुरू कर दी।
महिला ने अपने और पति के बैंक खाते और उनकी फर्म के खाते से भी रकम ट्रांसफर की। जब महिला ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने क्रेडिट प्वाइंट खरीदने और आइडी अनफ्रीज करने के नाम पर और पैसे मांगे। बाद में संपर्क बंद कर दिया।
