विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में वेंडिंग जोन में अवैध निर्माण व टीन शेड हटेंगे, बिना लाइसेंस मोबाइल वेंडर्स का सामान होगा जब्त

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:06 PM (IST)

पंचकूला नगर निगम वेंडिंग जोन में अवैध कब्जे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। बिना ...और पढ़ें

पंचकूला के वेंडिंग जोन में अवैध कब्जा कर बैठे वेंडर्स पर होगी कार्रवाई।

 पंचकूला के वेंडिंग जोन में अवैध कब्जा कर बैठे वेंडर्स पर होगी कार्रवाई।

HighLights

  1. नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी की।

  2. किराया न देने पर साइट्स होगी रद।

  3. मोबाइल वेंडर्स को लाइसेंस बनवाना होगा।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला के वेंडिंग जोन में अवैध कब्जे करके बैठे लोगों और नियमों को ताक पर रखकर साइट किराये पर देने वालों की अब खैर नहीं। नगर निगम ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

शुक्रवार को नगर निगम टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में निगम आयुक्त विनय कुमार ने अधिकारियों को अवैध अतिक्रमण हटाने, वेंडिंग साइट्स को किराये पर देने या आगे बेचने वालों की पहचान करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए।

बैठक में शहर में बिना लाइसेंस घूम रहे मोबाइल वेंडर्स के खिलाफ भी अभियान चलाने का फैसला लिया गया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोबाइल वेंडर्स को लाइसेंस बनवाना होगा। नियमों का पालन नहीं करने वालों का सामान जब्त किया जाएगा।

इसके अलावा वेंडिंग जोन में किए गए अवैध निर्माण को तुरंत हटाने और टीन शेड लगाकर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। निगम की इंफोर्समेंट विंग को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

किराया नहीं देने वालों की भी बनेगी सूची

आयुक्त विनय कुमार ने जेपी इंटरप्राइजेज के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वेंडर्स निर्धारित ड्रेस में रहें और प्रत्येक वेंडर को कूड़ादान उपलब्ध करवाया जाए। वेंडिंग साइट्स का किराया समय पर वसूलने के साथ बकायेदारों की सूची तैयार करने को भी कहा गया। किराया नहीं देने वालों की साइट्स रद करने की कार्रवाई की जा सकती है।

बैठक में वेंडिंग जोन की व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। निगम का जोर वेंडिंग जोन में अनुशासन बनाए रखने, अवैध कब्जे हटाने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर है।