पंचकूला में ट्रैफिक पुलिस का टैक्सी चालकों पर बड़ा एक्शन, 3 दिन में काटे 137 चालान
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने बिना निर्धारित वर्दी के टैक्सी चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पिछले तीन दिनों में 137 चालान काटे गए हैं।
-1789265097470_m.webp)
पंचकूला में बिना यूनिफॉर्म गाड़ी चलाई तो सीधे कटेगा चालान।
HighLights
ट्रैफिक पुलिस ने बिना वर्दी टैक्सी चालकों पर अभियान चलाया
तीन दिनों में कुल 137 चालान काटे गए, ₹500 जुर्माना
यात्रियों की सुरक्षा और चालकों की पहचान सुनिश्चित करना उद्देश्य
जागरण संवाददाता, पंचकूला। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने बिना निर्धारित वर्दी टैक्सी कैब चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है।
पिछले तीन दिनों में पुलिस ने जिलेभर में कार्रवाई करते हुए 137 चालान किए हैं। इनमें ऐसे टैक्सी चालक शामिल हैं, जो निर्धारित वर्दी के बिना वाहन चला रहे थे। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर क्षेत्र में अभियान के दौरान 75 चालान किए गए, जबकि सूरजपुर ट्रैफिक पुलिस ने 62 चालान काटे।
बिना वर्दी पर 500 रुपये का चालान है। एसएचओ ट्रैफिक वरिंदर कुमार ने बताया कि टैक्सी और कैब चालकों के लिए निर्धारित वर्दी पहनना जरूरी है। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ टैक्सी चालकों की पहचान सुनिश्चित करना भी है।
बिना वर्दी वाहन चलाने से यात्रियों को चालक की पहचान करने में परेशानी हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने टैक्सी चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सडक़ पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वर्दी में ही टैक्सी कैब का संचालन करें, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
