पंचकूला में 2 दिन ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
पंचकूला में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे ...और पढ़ें

पंचकूला में शनिवार और रविवार को ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला में 31 अक्टूबर, 1 नवंबर को ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट।
रन फॉर यूनिटी मैराथन और अमित शाह के दौरे हेतु व्यवस्था।
वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला में शनिवार और रविवार को कई रोड बंद रहेंगे और कुछ पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी मैराथन कराई जाएगी और रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे के मद्देनजर यह व्यवस्था की गई है।
पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यालय पंचकमल से माता मनसा देवी मंदिर के वीवीआईपी गेट तक रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के मद्देनजर सुबह 5 बजे से 9 बजे तक सकेतड़ी से पंचकूला एवं चंडीगढ़ की ओर आने वाला मार्ग बीजेपी कार्यालय पंचकमल से पहले टी-प्वाॅइंट से शिवालिक कंट्री क्लब होते हुए माता मनसा देवी मंदिर के वीवीआईपी गेट तक यातायात के लिए बंद रहेगा।
इस दौरान सकेतड़ी से पंचकूला एवं चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालक बीजेपी कार्यालय पंचकमल से पहले टी-प्वाॅइंट से दाईं ओर मुड़कर चंडीगढ़ बॉर्डर होते हुए डॉल्फिन चौक तक जाने वाले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी प्रकार पंचकूला एवं चंडीगढ़ से सकेतड़ी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने की सलाह दी गई है।
शाह के दौरे पर वीवीआईपी मूवमेंट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे के मद्देनजर पंचकूला में वीवीआईपी मूवमेंट रहेगी। श्री माता मनसा देवी सिंह द्वार से पुराना पंचकूला तक तथा सेक्टर-1 थित सूरज सिनेमा, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस होते हुए आगे टी-प्वाॅइंट तक जाने वाले मार्गों पर 31 अक्टूबर को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
इसी तरह एक नवंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक अनावश्यक आवागमन से बचने तथा इन मार्गों का कम से कम इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी के अनुसार, पिंजौर एवं कालका से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालक माजरी चौक से सेक्टर-17/18 चौक, पंचकूला होते हुए हाउसिंग बोर्ड के रास्ते चंडीगढ़ की ओर जा सकते हैं।
इसी प्रकार चंडीगढ़ से पंचकूला, कालका एवं पिंजौर की ओर आने वाले वाहन चालक हाउसिंग बोर्ड से सेक्टर-17/18 चौक होते हुए पंचकूला के नाडा साहिब रोड का इस्तेमाल कर माजरी चौक तक पहुंच सकते हैं। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने से वाहन चालकों को सुगम आवागमन में मदद मिलेगी।
