विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

58 फीट का मुकुट और 25 फीट का चेहरा, आज से पंचकूला में देश के सबसे ऊंचे रावण के पुतले संग ले सकेंगे सेल्फी

Published: Sun, 18 Oct 2026 07:05 AM (IST)

पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में 20 अक्टूबर को देश का सबसे ऊंचा 221 फीट का रावण पुतला दशहरा महोत्सव का ...और पढ़ें

पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा।

पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा।

HighLights

  1. शालीमार ग्राउंड में होगा भव्य दशहरा महोत्सव।

  2. 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद।

  3. महोत्सव के दौरान शानदार आतिशबाजी होगी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। देश के सबसे ऊंचे रावण के पुतले के साथ रविवार से लोग सेल्फी ले सकेंगे। 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव में पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला मुख्य आकर्षण रहेगा। इस पुतले का चेहरा 25 फीट और सिर पर 58 फीट का मुकुट होगा।

श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी और श्री आदर्श रामलीला ड्रामाट्रिक क्लब की ओर से दशहरा महोत्सव का आयोजन कराया जाएगा। कमेटी का दावा है कि पुतले को अंतिम रूप देने का काम अनुभवी कारीगरों ने पूरा कर लिया है।

श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी के प्रधान जॉनी मित्तल, महासचिव संदीप गुप्ता और वरिष्ठ उपप्रधान अमित गोयल ने बताया कि 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण बराड़ा के तेजिंदर राणा ने किया है। करीब दो वर्ष बाद शालीमार ग्राउंड में इतने बड़े स्तर पर दशहरा उत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिससे लोगों में खासा उत्साह है।

50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना

कमेटी के चेयरमैन विष्णु गोयल और संरक्षक सतपाल गर्ग व राज मित्तल ने बताया कि महोत्सव के दौरान शानदार आतिशबाजी भी की जाएगी। आयोजन पर करीब 70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

वाइस चेयरमैन प्रदीप कांसल और कोषाध्यक्ष दीपक गोयल के अनुसार, कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

महासचिव संदीप गुप्ता ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। रावण दहन बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इसी भावना के साथ इस बार कार्यक्रम को भव्य बनाने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी प्रमुखता दी जाएगी।

पूरे ट्राईसिटी में आयोजन को लेकर उत्सुकता

राज मित्तल और ज्ञान सिंह ने बताया कि 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले और आकर्षक आतिशबाजी को देखने के लिए पंचकूला सहित पूरे ट्राईसिटी के लोगों में उत्सुकता है। आयोजकों को उम्मीद है कि दशहरे के दिन बड़ी संख्या में लोग शालीमार ग्राउंड पहुंचकर रावण दहन के साक्षी बनेंगे।

दिल्ली और पंचकूला में एक जैसे पुतले

पंचकूला और दिल्ली में रावण के 221 फीट ऊंचे पुतले बनाए गए हैं। हर हिस्से की अलग ऊंचाई है। रावण के सिर पर 58 फीट का मुकुट, चेहरा 25 फीट, गर्दन 8 फीट और धड़ 90 फीट, पैरों की ऊंचाई 40 फीट, जूतियों की ऊंचाई दस फीट, रावण के हाथ में तलवार 50 फीट, जूते की लंबाई 40 फीट है।

इसी तरह देहरादून में रावण का जो पुतला 181 फीट का है, उसमें मुकुट 45 फीट, चेहरा 20 फीट, गर्दन 6 फीट, धड़ 80 फीट, पैर 32 फीट, जूते की ऊंचाई छह फीट तथा लंबाई 36 फीट तथा रावण की तलवार 35 फीट की है।