पंचकूला में शिक्षिका और उसके भाई पर FIR, स्कूल में 12वीं के छात्र को पीटा; परिवार को जान से मारने की धमकी दी
पंचकूला के जालौली स्कूल में 12वीं के छात्र से मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का ...और पढ़ें

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं के छात्र से मारपीट। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
जालौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का मामला।
शिक्षिका बबली वर्मा और भाई अरविंद वर्मा पर केस दर्ज।
छात्र के परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप।
संवाद सहयोगी, बरवाला (पंचकूला)। जालौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बारहवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शिक्षिका बबली वर्मा और उसके भाई अरविंद वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव सुल्तानपुर निवासी कर्म सिंह ने पुलिस को दी शिकायत दी कि उनका बेटा गुरदीप जालौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। बबली वर्मा विद्यालय में अंग्रेजी विषय पढ़ाती हैं। 17 सितंबर को शिक्षिका ने गुरदीप के साथ मारपीट की और उसके परिवार को लेकर अभद्र बातें कहीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के बाद शिक्षिका ने उन्हें फोन कर विद्यालय बुलाया। उस समय वह घर पर नहीं थे, इसलिए उन्होंने अपने पिता को विद्यालय भेजा। बाद में वह स्वयं भी विद्यालय पहुंचे।
आरोप है कि विद्यालय में शिक्षिका ने हंगामा किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। कर्म सिंह ने बताया कि कक्षा में मौजूद कुछ बच्चों ने भी कहा कि गुरदीप की कोई गलती नहीं थी। उन्होंने घटना की जानकारी प्रधानाचार्या और अन्य स्टाफ को भी दी।
रात में फोन कर परिवार को धमकाया
कर्म सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि 18 सितंबर की रात करीब 11:38 बजे अरविंद वर्मा के फोन से उन्हें काॅल आई। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करते हुए कहा गया कि उनकी बहन बबली वर्मा को कुछ हुआ तो उनके परिवार और बच्चों को जान से मार दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ परिवार और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कर्म सिंह की शिकायत पर 19 सितंबर को पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान बबली वर्मा और अरविंद वर्मा को जांच में शामिल होने के लिए 22 सितंबर और 30 सितंबर को वाट्सएप के माध्यम से नोटिस भेजे गए। पुलिस के अनुसार दोनों जांच में शामिल नहीं हुए। चंडीमंदिर थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
