पंचकूला में करोड़ों के शोरूम, बदहाल पार्किंग से कारोबारी परेशान, निगम अफसरों के पास क्यों नहीं समाधान?
पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शोरूम मार्केट की पार्किंग गहरे गड्ढों के कारण बदहाल है, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों को भारी ...और पढ़ें

सेक्टर-20 की शोरूम मार्केट की पार्किंग बदहाल। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
सेक्टर-20 शोरूम मार्केट की पार्किंग गड्ढों से भरी हुई है।
दुकानदार और ग्राहक बदहाल पार्किंग से बहुत परेशान हैं।
नगर निगम से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित ग्रुप हाउसिंग सोसायटी नंबर-33 के सामने बनी शोरूम मार्केट की पार्किंग बदहाली का शिकार है। पार्किंग में जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे यहां आने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शोरूम मालिकों का कहना है कि वे लंबे समय से पार्किंग की हालत सुधारने की मांग नगर निगम के अधिकारियों से कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
मार्केट में करोड़ों रुपये की लागत से शोरूम बने हुए हैं और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद पार्किंग की हालत ऐसी है कि वाहन चालकों को गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है।
इससे वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है। शोरूम मालिक विनय महाजन ने बताया कि पार्किंग की खराब हालत को लेकर कई बार नगर निगम को शिकायत दी जा चुकी है।
नगर निगम आयुक्त से भी पार्किंग के निर्माण और सुधार की मांग की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब लोग लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर शोरूम खरीद रहे हैं तो उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिलना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि पार्किंग के आसपास शराब का ठेका और अहाता भी है, जहां अक्सर काफी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। इससे पार्किंग व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
कारोबारी नेहा महाजन ने कहा कि मार्केट की पार्किंग का जल्द सुधार करवाया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम से गड्ढों को भरने, पार्किंग को व्यवस्थित करने और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की, ताकि दुकानदारों, शोरूम मालिकों और ग्राहकों को राहत मिल सके।
