पंचकूला सेक्टर-20 और 21 में पानी की पाइपलाइन बदलेगी, डिस्पेंसरी को अस्पताल बनाने का प्रस्ताव
पार्षद राकेश गोयल ने पंचकूला के सेक्टर-20 और 21 में पानी की पाइपलाइन बदलने, डिस्पेंसरी को अस्पताल बनाने सहित कई ...और पढ़ें

पाइपलाइन बदलने और डिस्पेंसरी को अस्पताल के रूप में अपग्रेड करने का एजेंडा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सेक्टर-20, 21 में पानी की पाइपलाइन बदलने का प्रस्ताव।
सेक्टर-20 डिस्पेंसरी को अस्पताल में अपग्रेड करने की मांग।
कम्युनिटी सेंटर, पार्किंग, सीसीटीवी सहित कई सुधार कार्य।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। नगर निगम की आगामी बैठक में सेक्टर-20 और सेक्टर-21 सहित वार्ड-14 के विकास कार्यों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे। वार्ड पार्षद राकेश गोयल ने एजेंडा देते हुए पानी की पाइपलाइन बदलने, डिस्पेंसरी को अस्पताल के रूप में अपग्रेड करने, कम्युनिटी सेंटरों के नवीनीकरण, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित कई प्रस्ताव रखे हैं।
पार्षद ने सेक्टर-20 और सेक्टर-21 के साथ लगते गांव फतेहपुर और महेशपुर में पानी की पाइपलाइन बदलने का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य लोगों को सुचारु जलापूर्ति उपलब्ध करवाना है।
इसके अलावा सेक्टर-20 की डिस्पेंसरी को अस्पताल के रूप में अपग्रेड करने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सेक्टर-21 के पुराने सामुदायिक केंद्र का नवीनीकरण करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
यह केंद्र सेक्टर-21 के मंदिर के सामने स्थित है। वहीं, सेक्टर-20 के कम्युनिटी सेंटर के नवीनीकरण और रखरखाव का मुद्दा भी उठाया गया है। सेक्टर-20 मार्केट में सार्वजनिक सुविधाओं के नवीनीकरण तथा सेक्टर-21 के महेशपुर मार्केट में सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अलावा सेक्टर-20 में खाली स्थान पर पार्किंग भवन बनाने और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए बहुमंजिला हॉल विकसित करने की मांग की गई है। प्रस्ताव में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों, लंगर तथा विवाह समारोहों के आयोजन के लिए ऑडिटोरियम जैसी सुविधा विकसित करने का भी उल्लेख है।
सेक्टर-20 में पंजाब की सीमा से लगते क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही सेक्टर-20 की पंजाब से लगती सीमा पर रेलिंग लगाने और पंजाब की ओर से हरियाणा में प्रवेश के स्थानों पर स्वागत द्वार व प्रवेश संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की गई है, ताकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत होने के साथ शहर का प्रवेश द्वार भी आकर्षक दिखाई दे।
वार्ड-14 के सभी पार्कों और ओपन जिम के उपकरणों की मरम्मत व रखरखाव का प्रस्ताव दिया गया है। पार्कों में ईपीडीएम ट्रैक बनाने की मांग भी की गई है, जिससे लोगों को सुरक्षित और बेहतर वाकिंग सुविधा मिल सके।
