पंचकूला में रिटायर्ड अधिकारी से 55 हजार की ठगी, पुराने दोस्त का वाट्सएप हैक कर दिया वारदात को अंजाम
पंचकूला में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ पुराने दोस्त का व्हाट्सएप हैक कर 55 हजार रुपये की साइबर ठगी की ...और पढ़ें

साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त अधिकारी को बनाया निशाना। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला में सेवानिवृत्त अधिकारी से 55 हजार की ठगी।
पुराने दोस्त का व्हाट्सएप हैक कर वारदात को अंजाम दिया।
इमरजेंसी का बहाना बनाकर किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-7 निवासी 73 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ दोस्त का वाट्सएप हैक कर 55 हजार रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हैं। सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार 3 अक्टूबर की शाम करीब 5:43 बजे पीड़ित के वाट्सएप पर उनके पुराने दोस्त के नंबर से मैसेज आया। इसमें यूपीआइ काम नहीं करने और तत्काल भुगतान करने का बहाना बनाकर 45 हजार रुपये मांगे गए।
पीड़ित ने दोस्त की मदद समझकर अपने अलग-अलग दो बैंक खातों से 35 हजार और 10 हजार रुपये बताए गए पेटीएम नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपित ने 10-10 हजार रुपये की दो और किस्तें भी ट्रांसफर करवा लीं।
आरोपित ने जब 20 हजार रुपये और मांगे तो पीड़ित ने एक कामन फ्रेंड से संपर्क किया। उसने बताया कि दोस्त का वाट्सएप हैक हो चुका है। इसके बाद ठगी का पता चला। पीड़ित ने बैंक मैनेजर की सलाह पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
