विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, पंचकूला में रेलवे स्टेशन के लिए शाम को भी चलेंगी रोडवेज की बसें

Published: Fri, 23 Oct 2026 05:48 PM (IST)

पंचकूला रेलवे स्टेशन के लिए अब शाम को भी रोडवेज बसें चलेंगी, जिससे यात्रियों को ऑटो व ई-रिक्शा के मनमाने ...और पढ़ें

सांसद ने रेलवे स्टेशन के लिए शाम के समय भी बसें चलाने क आदेश दिए। (सांकेतिक फोटो)

सांसद ने रेलवे स्टेशन के लिए शाम के समय भी बसें चलाने क आदेश दिए। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. अभी केवल सुबह के समय ही चलाईं जा रही हैं बसें।

  2. ऑटो, ई-रिक्शा के मनमाने किराए से मिलेगी राहत।

  3. सांसद वरुण चौधरी ने दिशा बैठक में दिए महत्वपूर्ण आदेश।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें रेलवे स्टेशन से आने-जाने के लिए ऑटो या ई-रिक्शा वालों को मनमाना किराया देने से राहत मिलेगी, क्योंकि अब शाम के समय भी स्टेशन के लिए रोडवेज की बसें चलेंगी।

अंबाला के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष वरुण चौधरी ने शुक्रवार को सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में हुई बैठक में यह आदेश दिए।

सांसद ने पिछली बैठक में रेलवे स्टेशन से पंचकूला के लिए बस सेवा शुरू करने के निर्देशों की समीक्षा की। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह तीन बसें चलाई जा रही हैं।

सांसद ने शाम को भी बसें चलाने के आदेश दिए, ताकि लोगों को सस्ता और सुलभ परिवहन मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला रोडवेज को पांच नई बसें मिली हैं और जल्द ही शाम की सेवा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

90 विषयों की समीक्षा की गई

बैठक में जिले के विकास कार्यों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े करीब 90 विषयों की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। बैठक में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, महापौर श्याम लाल बंसल और अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य भी मौजूद रहे।

अस्पताल और स्कूलों में सुविधाएं सुधारने पर जोर

सांसद ने नागरिक अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की समीक्षा करते हुए दवाओं की बिक्री बढ़ाने और संबंधित केंद्रों पर दवाओं की सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में पेयजल और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिला शिक्षा अधिकारी को पंचकूला और पिंजौर के स्कूलों में लड़के-लड़कियों के शौचालयों की मरम्मत, सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कार्यकारी अभियंता को आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत के एस्टीमेट जल्द तैयार करने को कहा।

सीएससी में अधिक वसूली पर कार्रवाई के निर्देश

चौधरी ने जिले की आधिकारिक वेबसाइट panchkula.nic.in पर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और बंद केंद्रों को दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को भी कहा।

तालाबों की सफाई और सौर ऊर्जा की जांच होगी

सांसद ने बरवाला, रायपुररानी, पिंजौर और मोरनी में शेष तालाबों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सौर ऊर्जा संयंत्रों में तारें नहीं लगने और उनके काम नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त उपायुक्त को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और रखरखाव पर भी जोर दिया।

बैठक में सांसद ने सभी विभागों को अगली बैठक से एक सप्ताह पहले कार्यों की रिपोर्ट जमा कराने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने अधिकारियों की ओर से योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और उनकी नियमित निगरानी का आश्वासन दिया।